भीख मांग रहे पूर्व जवान के लिए गौतम गंभीर ने मांगी मदद, रक्षा मंत्रालय ने दिया भरोसा

नई दिल्ली 
इंडियन आर्मी के लिए दिल में विशेष जगह रखनेवाले भारत के पूर्व क्रिकेटर गौतम गंभीर इस बार एक पूर्व जवान की मदद के लिए आगे आए हैं। गंभीर की वजह से अब उस शख्स को आर्मी से मदद मिल सकती है जो काफी वक्त से अटकी हुई थी। शनिवार को गंभीर ने एक शख्स की फोटो ट्वीट करके बताया कि वह पूर्व जवान हैं और मदद न मिलने के चलते उन्हें भीख मांगने पर मजबूर होना पड़ा। इस ट्वीट के बाद रक्षा मंत्रालय ने शख्स की मदद का भरोसा दिया है। 

गंभीर ने शख्स की फोटो पोस्ट करते हुए साथ में लिखा, 'यह हैं पीताम्बरन जिनकी आईडी देखकर पता लगाया जा सकता है कि उन्होंने 1965 और 1971 में भारतीय आर्मी में सेवा की। उनका कहना है कि तकनीकी वजहों से आर्मी से जो उन्हें मदद मिलनी थी वह अटक गई। मैं इनकी मदद की गुहार लगाता हूं। यह शख्स फिलहाल कनॉट प्लेस के ए ब्लॉक पर भीख मांग रहे हैं।' 

गंभीर के इस ट्वीट का रक्षा मंत्रालय से जवाब आया। मदद का भरोसा देते हुए रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता के आधिकारिक ट्विटर हैंडल से लिखा गया, 'हम आपकी तरफ से इस बात को उठाने की तारीफ करते हैं और भरोसा देते हैं कि जल्द से जल्द हरसंभव ऐक्शन लिया जाएगा।' इस जवाब के बाद गंभीर ने भी शुक्रिया कहा। 

गंभीर द्वारा पोस्ट की गई तस्वीरों में शख्स एक बैनर लिए खड़ा है। जिसपर लिखा है कि उन्होंने 1965, 1971 की लड़ाई में हिस्सा लिया था। नीचे यह भी लिखा है कि उनका हाल में ऐक्सिडेंट हो गया था और उसके लिए पैसों की जरूरत है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *