भिंड-मुरैना, ग्वालियर में राहुल-कमलनाथ कल करेंगे तूफानी दौरा
ग्वालियर
प्रदेश में दो चरणों का चुनाव सम्पन्न होंने के बाद अब कांग्रेस के दिग्गज नेताओं ने तीसरे चरण में अपने प्रत्याशियों के पक्ष में माहौल बनाने प्रयास तेज कर दिए है। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी मध्यप्रदेश के तीसरे चरण में कांग्रेस उम्मीदवारों के पक्ष में धुंआधार प्रचार करने 8 मई को भिंड-मुरैना आ रहे है। राहुल गांधी यहां मतदाताओं को न्याय योजना में हर गरीब के खाते में 72 हजार रुपए पहुंचाने का संदेश देंगे। साथ ही बताएंगे कि प्रदेश में 21 लाख किसानों का कर्ज माफ कर कांग्रेस सरकार अपना किसानों से किया हुआ वादा पूरा कर चुकी है और आगे भी हर वादा पूरा करेगी।
राहुल गांधी भिंड में दोपहर दो बजे एक विशाल आमसभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद शाम चार बजे वे मुरैना पहुंचेंगे। यहां भी विशल आमसभा को संबोधित करेंगे। 8 मई को ही शाम को 6 बजे राहुल गांधी ग्वालियर पहुंचेंगे और वहां फूल बाग में चुनावी सभा को संबोधित करेंगे। इस दौरान उनके साथ मुख्यमंत्री कमलनाथ और कांग्रेस के क्षेत्रीय मंत्री, विधायक और सांसद उम्मीदवार और जिला कांग्रेस अध्यक्ष सहित शहर और ग्रामीण कांग्रेस के पदाधिकारी और कार्यकर्ता भारी संख्या में मौजूद रहेंगे। राहुल गांधी यहां की सभाओं में आमजन से सत्ता में बदलाव के लिए, भाजपा को उखाड़ फेकने के लिए कांग्रेस के पक्ष में मतदान की अपील करेंगे। वे ये भी बताएंगे कि कांग्रेस ने जिस तरह किसानों का कर्जमाफ किया है,सस्ती बिजली गरीबों को दी है। कन्या विवाह की राशि बढ़ाई है, विधवा और निराश्रित पेंशन की राशि बढ़ाकर जनता से किया गया वादा पूरा किया है उसी तरह मध्यप्रदेश में कांग्रेस अपने सारे वचन पूरे करने के लिए प्रतिबद्ध है। अब बेरोजगार नौजवानों को रोजगार, भ्रष्टाचार का खात्मा और प्रदेश तथा देश का विकास करना कांग्रेस का लक्ष्य है जिसे वे हर हाल में पूरा करेंगे।
मुख्यमंत्री कमलनाथ मंगलवार को सुबह उज्जैन जिले के महिदपुर पहुेंचे। वहां आमसभा में उन्होंने कहा कि यदि प्रदेश और देश को विकास की राह पर तेजी से चलाना है, नौजवानों को रोजगार और गरीबों के खाते में हर साल 72 हजार जमा कराना है तो कांग्रेस के पक्ष में मतदान कर कांग्रेस को मजबूत करे और देश की सत्ता की बागडौर कांग्रेस को सौपे। उसके बाद आप देखेंगे कि जिस तरह प्रदेश में कांग्रेस ने अपना हर वचन निभाया है उसी तरह कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के सारे वादों को चुनाव के बाद पूरा किया जाएगा।