भाजपा की एक महीने तक चले वर्चुअल संवाद और रैलियां खत्म 

 लखनऊ  
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सरकार की दूसरे कार्यकाल के पहले साल की उपलब्धियों को  लेकर पिछले एक महीने तक चले  प्रदेश भारतीय जनता पार्टी के वर्चुअल संवाद और रैलियां अब खत्म हो गई हैं। लॉकडाउन के दौरान जहां भाजपा सेवा व राहत कार्यों में लगी रही तो अनलॉक-1 होते ही पॉलिटिकल मोड में आ गई।  

इस दौरान पांच से 10 जून तक विभिन्न वर्गो के साथ 395 वर्चुअल सम्मेलन हुए  तो 15 से 25 जून  मुख्यमंत्री समेत राज्य व केन्द्रीय मंत्रियों ने विभिन्न क्षेत्रों और पेशों के लोगों से जुड़कर  वर्चुअल संवाद किए।  तीन बड़ी वर्चुअल रैलियां भी हुई। भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी.नड्डा, केन्द्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर व स्मृति ईरानी ने प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों के लिए वर्चुअल रैलियां कीं।  इसी के साथ भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पीएम मोदी की चिट्ठी लेकर  परिवार सम्पर्क अभियान भी चलाया। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह का दावा है कि  इस अभियान के तहत पार्टी प्रदेश  के सवा करोड़ परिवारों तक पहुंची।  
पार्टी ने प्रदेश के 12 शहरों के  लिए डिजिटल माध्यम से प्रेसवार्ताओं का आयोजन किया। जिसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सहित केन्द्रीय मंत्री व प्रदेश सरकार के मंत्री मीडिया से मुखातिब हुए।

 भाजपा प्रदेश अध्यक्ष का यह भी दावा है  कि राज्य में तीनों रैलियों में सवा करोड़ से अधिक लोग सीधे तौर पर  वीडियों कान्फेंसिंग के साथ ही फेसबुक, ट्वीटर, यूटूयूब के माध्यम से जुड़े। इसके साथ ही बूथ स्तर पर  छोटे-छोटे समूहों में भी कार्यकर्ता रैली का हिस्सा बने। इन सभी कार्यक्रमों के लिए तैयारियां भाजपा प्रदेश  महामंत्री संगठन सुनील बंसल के  निर्देशन में की गईं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *