भागलपुर में पछुआ हवा के साथ ठंड ने तोड़ा सात साल का रिकॉर्ड, तीन डिग्री पर लुढ़का पारा

भागलपुर

पछुआ हवा के साथ ठंड इस साल रिकॉर्ड तोड़ रही है। भागलपुर में बीते सात साल में 29 दिसंबर की रात इतनी ज्यादा ठंड नहीं रही जितनी कि रविवार रात रही। बिहार कृषि विश्वविद्यालय के मौसम पर्यवेक्षक विक्रम कुमार बताते हैं कि साल 2012 में 29 दिसंबर की रात न्यूनतम तापमान 3.8 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं ओवरऑल छह साल में रविवार की रात दूसरी सबसे सर्द रात रही। 

रविवार को अधिकतम तापमान 17 व न्यूनतम तीन डिग्री सेल्सियस रहा, जो शनिवार की तुलना में दो व एक डिग्री सेल्सियस कम रहा। शनिवार को अधिकतम तापमान 17.0 व न्यूनतम चार डिग्री सेल्सियस था। रविवार सुबह साढ़े आठ बजे 97 प्रतिशत रही आर्द्रता दिन में धूप चमकने के कारण शाम साढ़े पांच बजे तक घटकर 83 प्रतिशत पर पहुंच गयी। दिनभर 12.3 किमी प्रतिघंटे की औसत रफ्तार से पछुआ हवा बही। तेज हवा के बहने के कारण ठिठुरन बढ़ गयी, जिससे दिन ढलने के बाद ही लोग घरों में दुबकने को मजबूर हो गये। 

 

नौ जनवरी 2013 को डेढ़ डिग्री पर चला गया था पारा

28 दिसंबर को न्यूनतम तापमान चार व 29 दिसंबर को तीन डिग्री सेल्सियस रहा। न्यूनतम तापमान के तीन डिग्री सेल्सियस पर आ जाने के कारण रविवार की रात छह साल की दूसरी सबसे सर्द रात साबित हुई। इससे पहले नौ जनवरी 2013 को न्यूनतम तापमान 1.5 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया था। इस तारीख को अधिकतम तापमान 14.1 डिग्री सेल्सियस, आर्दता 97 प्रतिशत और दिनभर 2.3 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से पछुआ बही थी। अभी दो दिन तक पछुआ बढ़ायेगी ठिठुरन

मौसम विभाग के पर्यवेक्षक विक्रम कुमार के अनुसार, रविवार को कुछ देर के लिए हवाओं ने अपना पाला बदला, लेकिन ज्यादातर समय पछुआ ही बही। अभी 30 व 31 दिसंबर को पछुआ हवा से ठिठुरन बढ़ेगी। दिन में आंशिक रूप से धूप निकलने के बावजूद पछुआ हवा सूई की तरह बदन में चुभेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *