बड़े तालाब को फुल होने के लिए ३ फिट पानी की जरुरत
भोपाल
सीहोर और भोपाल में हो रही जोरदार बारिश से बड़ी तालाब के जलस्तर में लगातार बढ़ोत्तरी हो रही है। गुरुवार को सुबह तक तालाब का लेवल 1663.60 फीट पहुंच गया। जबकि बुधवार को इसका 1663.30 फीट था। यानी 12 घंटे में 0.30 फीट का इजाफा हुआ है। तालाब का फुल टैंक लेवल 1666.80 फीट है, अब इसे छलकने के लिए 3 फीट ज्यादा पानी की जरूरत होगी। डैम फुल होने के बाद भदभदा के गेट खोले जाएंगे।
इधर, कोलार डैम और केरवा डैम के लेवल में भी बढ़ोतरी जारी है। कोलार डैम का लेवल बुधवार को 447.22 मीटर पहुंच गया, जबकि मंगलवार शाम को इसका लेवल 446.35 मीटर था। यानी चौबीस घंटे में 0.87 मीटर पानी बढ़ा। इसी तरह केरवा डैम के लेवल में चौबीस घंटे में 1.62 मीटर की बढ़ोतरी हुई। बुधवार शाम को इसका लेवल 506.40 मीटर पहुंच गया।
जबकि मंगलवार को इसका लेवल 504.78 मीटर था। केरवा डैम का फुल टैंक लेवल 509.93 मीटर है। यानी इसे छलकने के लिए अब महज 3.52 मीटर पानी की जरूरत है।