बॉलिवुड में दोस्ती से लेकर अर्जुन कपूर और मलाइका अरोड़ा की शादी पर बोलीं परिणीति चोपड़ा

ऐक्ट्रेस परिणीति चोपड़ा को हिंदी फिल्म इंडस्ट्री में करीब 8 साल पूरे हो चुके हैं। इतने वक्त में उन्होंने सफलता और असफलता दोनों को बेहद करीब से देखा। फिल्म इंडस्ट्री में कई ऐसे लोग हैं, जिनसे परिणीति की अच्छी बात होती है, लेकिन जब बात दोस्ती की आती है तो परिणीति इसे अलग नजरिए से देखती हैं। परिणीति का कहना है कि बॉलिवुड में सच्चा दोस्त ढूंढ पाना बेहद मुश्किल है। हालांकि वह खुद को बेहद लकी मानती हैं कि उन्हें अर्जुन कपूर के रूप में एक सच्चा दोस्त मिला।

परिणीति ने अर्जुन कपूर के साथ फिल्म 'इशकजादे' से अपने ऐक्टिंग करियर की शुरुआत की थी और यहीं से दोनों के बीच दोस्ती का बीज फूटा। इसके बाद दोनों ने फिल्म 'नमस्ते इंग्लैंड' में साथ काम किया। हाल ही में एक चैट शो के दौरान परिणीति ने बॉलिवुड में दोस्ती को लेकर बात की और कहा, 'हमारा रिश्ता प्यार और नफरत वाला है। बॉलिवुड में सच्चा दोस्त ढूंढ पाना मुश्किल है, लेकिन अर्जुन के रूप में मुझे एक सच्चा दोस्त मिला।'

परिणीति ने आगे कहा कि वह अर्जुन को अपना फोन देने तक से परहेज नहीं करतीं। उनके फोन में 50 से भी अधिक सेल्फी हैं और सभी अर्जुन की हैं। परिणीति से जब अर्जुन कपूर और मलाइका अरोड़ा की शादी की खबरों को लेकर पूछा गया तो उन्होंने कहा, 'मुझे नहीं पता कि वह शादी कर रहा या नहीं।'

बात करें फिल्मों की तो परिणीति हाल ही में रिलीज हुई अक्षय कुमार स्टारर फिल्म 'केसरी' में नजर आई थीं। इस वक्त उनके पास ढेर सारी फिल्में हैं, जिनमें 'संदीप और पिंकी फरार', 'जबरिया जोड़ी', 'सायना', 'भुज द प्राइड ऑफ इंडिया' और 'ए गर्ल ऑन द ट्रेन' का हिंदी रीमेक शामिल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *