बिहार से चुने गए 40 सांसदों में शामिल हैं 5 विधायक और 3 एमएलसी

 
पटना

 बिहार से 17वीं लोकसभा के लिए चुने गए 40 सांसदों में राज्य विधानमंडल के आठ सदस्य शामिल हैं। इनमें से तीन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की कैबिनेट का हिस्सा हैं। सांसद चुने गए आठ लोगों में से पांच विधानसभा जबकि तीन विधान परिषद के सदस्य हैं। 

ये हैं तीन एमएलसी
तीन विधान परिषद के सदस्यों में दो विधान पार्षद जदयू के राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह और लोजपा के पशुपति कुमार पारस बिहार कैबिनेट के सदस्य हैं। लोकसभा चुनाव में ललन सिंह मुंगेर सीट से जीते हैं, जबकि पारस अपने भाई एवं लोजपा प्रमुख रामविलास पासवान की सीट हाजीपुर (सु) से सांसद बने हैं। जहानाबाद संसदीय क्षेत्र से विधान पार्षद चन्देश्वर प्रसाद चन्द्रवंशी ने जीत हासिल की है। 

इस प्रकार हैं 5 विधायकों के नाम
वहीं, जदयू के दिनेश चन्द्र यादव सहरसा जिले में सिमरी बख्तियारपुर से विधायक हैं। उन्होंने मधेपुरा संसदीय क्षेत्र से चुनाव जीता है। इस सीट से उन्होंने दो दिग्गजों राजद के शरद यादव और जन अधिकारी पार्टी के पप्पू यादव को हराया है।

बिहार से संसद पहुंचने वाली एक अन्य विधायक हैं जदयू की कविता सिंह। वह सीवान संसदीय क्षेत्र से चुनी गई हैं। 33 वर्षीय सिंह प्रदेश से निर्वाचित सबसे कम उम्र की सांसद हैं। संसद पहुंचने वाले जदयू के अन्य दो विधायक हैं गिरधारी यादव और अजय मंडल। ये लोग बांका और भागलपुर से निर्वाचित हुए हैं। इतना ही नहीं किशनगढ़ से कांग्रेस विधायक मोहम्मद जावेद भी संसद पहुंचे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *