बिहार में आखिरी चरण की 8 लोकसभा सीटों पर 4 केंद्रीय मंत्री लड़ रहे हैं चुनाव

 
पटना

 लोकसभा चुनाव के आखिरी चरण में बिहार के आठ सीटों पर 19 मई को मतदान होने जा रहे हैं। इन सीटों पर 157 उम्मीदवारों अपनी किस्मत आजमाने जा रहे हैं जिसमें से चार केंद्रीय मंत्री उम्मीदवार के रूप में चुनाव मैदान में हैं।

सबसे दिलचस्प चुनाव पटना साहिब सीट पर है जहां से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मंत्रिमंडल में शामिल रविशंकर प्रसाद लोकसभा में प्रवेश की कोशिश कर रहे हैं। हालांकि, प्रसाद के सामने उनकी पार्टी के ही बागी नेता शत्रुघ्न सिन्हा की चुनौती है जो दो बार यहां से जीते और अब कांग्रेस के उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ रहे हैं।

पड़ोसी सीट पाटलिपुत्र राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद के परिवार के लिए प्रतिष्ठा का मुद्दा बन गई है। राजद इस सीट पर दो बार चुनाव लड़ी और दोनों बार अपने पूर्व वफादार से हारी। लालू प्रसाद स्वयं जद(यू) के रंजन यादव से हारे जबकि उनकी बेटी मीसा भारती को राम कृपाल यादव ने हराया। राम कृपाल भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़े और केंद्र में मंत्री भी बने। मीसा भारती इस सीट से एक बार फिर यादव के खिलाफ चुनावी मैदान में हैं।

आरा में केंद्रीय मंत्री आरके सिंह भाकपा के राजू यादव को चुनौती देंगे। बक्सर में केंद्रीय मंत्री अश्विनी कुमार चौबे दूसरी बार इस सीट को हासिल करने की कोशिश हो रहे हैं। उन्हें वरिष्ठ राजद नेता जगदानंद सिंह से चुनौती मिलने जा रही है।
 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *