बिहार के बेगूसराय बालिका गृह से भागी पांच लड़कियां, चार बरामद

बेगूसराय
बिहार के बेगूसराय के रतनपुर ओपी क्षेत्र के निराला नगर स्थित बालिका गृह से सोमवार की सुबह पांच लड़कियां फरार हो गईं। जानकारी मिलते ही बालिका गृह प्रबंधन के बीच हड़कंप मच गया। आनन-फानन में पुलिस को सूचना दी गई। रतनपुर ओपी प्रभारी सुधा कुमारी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बेगूसराय रेलवे स्टेशन से चार लड़कियों को बरामद कर लिया। बाकी एक लड़की की तलाश में पुलिस दिनभर खाख छानती रही। पुलिस के अनुसार अब तक एक लड़की का सुराग नहीं मिल पाया है।

बालिका गृह के पदाधिकारी ने बताया कि सुबह में पांच लड़कियों ने महिला गार्ड को बंधक बना मेन गेट की चाबी ले ली। इसके बाद गेट लॉक कर भाग गई। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। इधर, लड़कियों के फरार होने की सूचना पर पुलिस महकमा में भी हड़कंप मचा रहा। नगर थाना के एसआई खामस चौधरी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंच मामले की जांच पड़ताल की। पुलिस की मानें तो बरामद लड़कियों ने बालिका गृह में बढ़िया भोजन नहीं दिए जाने की बात कही है।

हालांकि पुलिस हर एंगिल से जांच में जुटी हुई है। ओपीध्यक्ष ने बताया कि झारखंड के साहेबगंज जिला की एक लड़की की तलाश जारी है। उसके परिजनों को भी सूचना दे दी गई है। बताया कि बरामद चार लड़कियां भी कहीं भागने की कोशिश में थी। लेकिन समय रहते इन सबको बरामद कर लिया गया।

पुलिस सूत्रों के अनुसार बरामद लड़कियां फिर से बालिका गृह नहीं जाना चाह रही हैं। इधर, बालिका गृह के पदाधिकारी ने बताया कि फरार हुई लड़कियां कुछ दिन में ही अपने परिजनों के यहां जाने वाली थी। लड़कियों के फरार होने के बाद बालिका गृह की सुरक्षा पर सवाल उठने लगे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *