बरेली में बवाल : लॉकडाउन में ग्रामीणों का पुलिस पर हमला, चौकी फूंकने की कोशिश

 बरेली                                                                                                                
लॉकडाउन में प्रधान के चबूतरे पर बैठकर हंगामा कर रहे लड़कों को पुलिस ने पीट दिया। जिस पर वहां बवाल हो गया। प्रधान के साथ 300 से ज्यादा लोग पुलिस चौकी पर पहुंच गए। उन्होंने पुलिस पर बेकसूरों को पीटने का आरोप लगाते हुए हाइवे जाम कर दिया। पुलिस चौकी को फूंकने की कोशिश की। पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। सात महिलाओं समेत 45 उपद्रवियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उनके खिलाफ दो मुकदमे इज्जतनगर थाने में दर्ज किये गये हैं। उन पर रासुका भी लगाई जायेगी।

सोमवार को इज्जतनगर थाना क्षेत्र के करमपुर चौधरी गांव के प्रधान पति तसब्बुर के चबूतरे पर कुछ लोग हंगामा कर रहे थे। लॉकडाउन तोड़ने वालों की सूचना किसी ने 100 नंबर पर कंट्रोल रूम को दी। जिस पर इज्जतनगर थाने की चीता मोबाइल वहां पहुंच गई। उसने सड़क पर घूम रहे लोगों को दौड़ा लिया। इसके बाद गेहूं काट रहे कश्मीर खान को पीट दिया। विरोध करने पर कश्मीर खान समेत लोगों को पुलिस वालों ने लाठियों से पीटा और पुलिस चौकी बैरियर वन ले आये। बाद में बुजुर्गों के कहने पर पुलिस ने उन्हें छोड़ भी दिया। इसी दौरान करमपुर चौधरी गांव के प्रधान पति तसब्बर खान ने 300 से ज्यादा लोगों ने पुलिस चौकी को घेर लिया। हाइवे जाम कर चौकी फूंकने की कोशिश की। इंस्पेक्टर इज्जतनगर केके वर्मा के समझाने पर भी वह नहीं माने।

एएसपी अभिषेक वर्मा फोर्स के साथ चौकी पर पहुंचे। पुलिस ने लोगों को खदेड़ना शुरू किया। भीड़ में लोगों ने एएसपी के साथ भी धक्कामुक्की की। लोग गांव की ओर भाग गये। एएसपी अभिषेक दोनों थानों की पुलिस के साथ गांव में पहुंचे। पुलिस ने घरों में दबिश दी। भारी पुलिस देखकर लोग घरों में कैद हो गए। पुलिस ने मुश्किल से उन्हें बाहर निकाला। थोड़ी देर बाद एसपी सिटी भी पुलिस टीम के साथ गांव पहुंच गये। भारी पुलिस को देखकर लोग भागने लगे। जिस पर सिपाही और दरोगाओं ने बमुश्किल पकड़ा। डीआईजी राजेश पांडेय समेत पुलिस अधिकारियों ने घटना स्थल का जायजा लिया।

धक्कामुक्की में गिरने से चोटिल हुये एएसपी अभिषेक
एएसपी अभिषेक वर्मा उपद्रवियों को पीटने के लिये दौड़ा रहे थे। इसी दौरान धक्का मुक्की में वह गिर गये। जिससे उनका घुटना और कोहनी छिल गई है। उपद्रवियों द्वारा अधिकारी को पीटने की बात से अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने इनकार किया है। हालांकि पहले यही चर्चा थी कि गांव के लोगों ने पुलिस अफसरों की पिटाई लगा दी।

लाक डाउन तोड़ने से मना करने पर भीड़ ने पुलिस पर हमला कर दिया। इसमें दो लड़कों को चोट आई है। पुलिस पर हमला, हाइवे जाम कर चौकी फूंकने की कोश्शि के आरोप में दो मुकदमे दर्ज किये गये हैं। उन पर रासुका की भी कार्रवाई की जायेगी। -राजेश पांडेय, डीआईजी रेंज

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *