फरवरी में लॉन्च होने जा रहा भारत का चंद्रयान-2!

हैदराबाद 
भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) अगले महीने दूसरे चंद्र मिशन 'चंद्रयान-2' का प्रक्षेपण किए जाने तैयारियों में में लगा हुआ है। इसरो के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि इस मिशन को फरवरी में लॉन्च करने की कोशिश हो रही है। सूत्रों के मुताबिक, अगले महीने 'चंद्रयान-2' के लॉन्च की संभावना है लेकिन अभी तक कोई तारीख नहीं तय हो पाई है।  

इसरो के एक अधिकारी ने कहा कि मिशन के लिए काम सही तरह से हो रहा है और कोई बाधा नहीं है। बता दें कि 'चंद्रयान-2' पूरी तरह से स्वदेशी उपक्रम है, जिसमें एक ऑर्बिटर, एक लैंडर और एक रोवर होगा। इसरो के अनुसार लैंडर चंद्रमा की सतह पर एक निश्चित स्थान पर उतरेगा और वहां एक रोवर तैनात करेगा। छह पहियों वाला रोवर धरती से मिलने वाले दिशा-निर्देशों के हिसाब से चंद्रमा की सतह पर लैंडर के उतरने के स्थान के इर्द-गिर्द घूमेगा। 

रोवर में लगे उपकरण धरती पर भेजेंगे जानकारी 
यह भी बताया गया है कि रोवर में लगे उपकरण चंद्रमा की सतह का अध्ययन करेंगे और संबंधित जानकारी वापस भेजेंगे। यह जानकारी चंद्रमा की मिट्टी के विश्लेषण के लिए लाभकारी होगी। वहीं, 3290 किलोग्राम वजनी 'चंद्रयान-2' चंद्रमा की कक्षा में चक्कर लगाएगा और दूरस्थ संवेदी अध्ययन करेगा। इसरो ने कहा कि उपकरण चंद्र स्थल की आकृति, खनिज तत्व प्रचुरता, चंद्रमा के बाहरी मंडल और हाइड्रोक्सिल और जल-हिम का अध्ययन करेंगे।

साथ ही आपको यह भी बता दें कि 2008 में भारत की ओर से भेजा गया 'चंद्रयान-1' भारत का पहला चंद्र मिशन था। इसरो ने इसे अक्टूबर 2008 में प्रक्षेपित किया था और यह अगस्त 2009 तक परिचालन में रहा। बताते चलें कि हाल ही में इसरो चीफ ने कहा था कि इसरो 2019 में कुल 32 स्पेस मिशन लॉन्च करने की तैयारी में है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *