प्रियंका ने दूसरे दिन भी सुबह 2:30 बजे तक की बैठक, घर से खाना लेकर पहुंचे थे कार्यकर्ता

 
लखनऊ

लोकसभा चुनाव 2019 को लेकर सभी बड़े दलों ने अपनी ताकत झोंक दी है। जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से लेकर भाजपा के तमाम दिग्गज लोगों की नब्ज टटोल रहे हैं। वहीं भाजपा को सत्ता से बेदखल करने के लिए कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी भी पूरे जोश में नजर आ रही हैं। प्रियंका और ज्योतिरादित्य सिंधिया कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करते हुए 2 दिन 15 घंटे तक काम किया। उन्होंने गुरुवार की सुबह 2:30 बजे तक पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। इस दौरान 12 लोकसभा सीटों के पूर्व सांसद, पूर्व विधायकों से प्रियंका ने बातचीत की।

जानकारी मुताबिक प्रियंका गांधी के पहले दिन की बैठक से सबक लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दूसरे दिन अपने भोजन का इंतजाम कर रखा था। कांग्रेस कार्यकर्ता जब दूसरे दिन बैठक के लिए आए तो अपना खाना साथ लेकर आए थे। जब उनसे इस बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि पहले दिन हमें भूखे ही वापस लौटना पड़ा था इसलिए दूसरे दिन हम अपना खाना साथ लेकर आए हैं।

बताया जा रहा है कि जहां प्रियंका के आने से पार्टी कार्यकर्ताओं में जोश है वहीं कुछ कार्यकर्ताओं को उनकी रातभर चलने वाली मीटिंग पसंद नहीं आ रही है। देवरिया से आए एक मुस्लिम कार्यकर्ता ने बताया कि वह कांग्रेस पार्टी में जिला स्तर पर कार्यरत रह चुका है। उसका कहना कि यहां जो हो रहा है वह महज 10 प्रतिशत ही असलियत है और बाकी सब दिखावा है। प्रियंका को 41 लोकसभा सीटों की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उनको पता है कि यूपी की राह इतनी आसान नहीं है। एक तरफ उनका मुकाबला योगी और मोदी से है तो दूसरी तरफ सपा-बसपा के साथ आना भी कांग्रेस के लिए मुश्किल बढ़ा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *