प्रदेश के 28वें राज्यपाल पद की आज शपथ लेंगे लाल जी टंडन
भोपाल
प्रदेश के नव नियुक्त राज्यपाल लाल जी टंडन सोमवार को राजभवन में गरिमामय समारोह में पद की शपथ लेंगे। शपथ ग्रहण समारोह प्रात: 11.00 बजे से होगा। यहां मप्र उच्च न्यायालय के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश रविशंकर झा उन्हें पद की शपथ दिलाएंगे। वे मप्र के 28वें राज्यपाल होंगे।
राज्यपाल पद की जिम्मेदारी संभालने के लिये टंडन रविवार को राजधानी पहुंच गये हैं। उनके साथ लगभग 12 से 15 परिजन भी हैं। नव नियुक्त राज्यपाल के साथ उनकी पत्नी भी राजधानी पहुंची हैं। स्टेट हेंगर पर उनका प्रदेश के जनसंपर्क मंत्री पीसी शर्मा, भोपाल संभागायुक्त श्रीमती कल्पना श्रीवास्तव सहित अन्य अफसरों ने अगवानी की। शपथ समारोह के लिये राजभवन परिसर में वाटर प्रूफ डोम बनाया गया है। यहां बता दें कि मप्र की तत्कालीन राज्यपाल श्रीमती आनंदी बेन पटेल को अब उत्तरप्रदेश का राज्यपाल बना दिया गया है। श्रीमती पटेल लगभग डेढ़ वष्र तक मप्र की राज्यपाल रहीं। सरला ग्रेवाल के लंबे समय बाद वे मप्र की महिला राज्यपाल बनी थी। बाद में उनको छत्तीसगढ़ राज्य का भी प्रभार दिया गया था।अब मप्र के राज्यपाल की जिम्मेदारी लाल जी टंडन को दी गई है। टंडन का लंबा राजनीतिक कैरियर रहा है। वे मूलत: उप्र के निवासी है और उनका राजनीतिक सफर उप्र से ही शुरू हुआ।