प्रदेश के कैबिनेट मंत्री ने स्कूल का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों का किया सम्मान

ग्वालियर
विभिन्न खेलों में राष्ट्रीय स्तर पर स्कूल का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों को प्रदेश के कैबिनेट मंत्री ने मैडल, नगद राशि और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इस मौके पर मंत्री ने कहा कि स्वस्थ व्यक्ति ही समाज और देश के कल्याण में भागीदार बनता है।

राष्ट्रीय खेल दिवस के मौके पर  शासकीय गजराराजा कन्या स्कूल में 64 वां राष्ट्रीय शालेय खेल प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि प्रदेश सरकार के खाद्य मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने इस अवसर पर 54 उत्कृष्ट खिलाड़ियों को नगद राशि,मैडल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में हेंडबॉल में राष्ट्रीय स्तर स्कूल का मान बढ़ाने वाले BSF सीनियर सेकेंड्री स्कूल टेकनपुर के  खिलाड़ी विशाल यादव को मंत्री तोमर ने  10 हजार रुपए गोल्ड मैडल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। विशाल ने स्कूल फ़ेडरेशन ऑफ इण्डिया द्वारा 2018-19 में आयोजित राष्ट्रीय हेंडबॉल प्रतियोगिता में पहला स्थान प्राप्त किया है। इसके अलावा शहर के प्रतिष्ठित खेल संस्था उड़ान ने भी इसी स्कूल के एक दूसरे हेंडबॉल खिलाड़ी रणधीर सिंह चौधरी को ध्यानचंद उत्कृष्ट खिलाड़ी अवार्ड से सम्मानित किया। कार्यक्रम में ओलंपियन एवं अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी शिवेन्द्र सिंह चौधरी और पूर्व ओलम्पियन अंतरराष्ट्रीय जूडो खिलाड़ी श्याम सिंह खास तौर पर मौजूद थे।

उधर गजराराजा स्कूल में आयोजित शालेय खेल प्रतिभा सम्मान में बोलते हुए मंत्री तोमर ने कहा  कि स्वस्थ रहने के लिए खेलकूद और शारीरिक व्यायाम जरूरी है। हर व्यक्ति को अपनी रोजमर्रा की गतिविधियों में शारीरिक व्यायाम को स्थान देना चाहिए। स्वस्थ व्यक्ति ही समाज और देश के कल्याण में भागीदार बनता है। संघर्ष से हमें कभी पीछे नही हटना चाहिए हमेशा डट कर उसका सामना करना चाहिए, तभी हमे सफलता हासिल होती है। खाद्य मंत्री श्री तोमर ने कहा कि हमें मेजर ध्यानचन्द्र के गुणों को अपनाते हुए आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने देश की ख्याति पूरे विश्व में फैलाई । आप भी ऐसा वातावरण पैदा करें कि आगे आने वाली पीढ़ी आपका अनुसरण करे । सम्मान समारोह में 54 बच्चों का सम्मान किया गया। जिसमें प्रथम स्थान पर आने वाले को 10,000 रुपए द्वितीय स्थान पर आने वाले  7500 रुपएऔर तृतीय स्थान पर आने वाले को 5000 रुपए पुरस्कार दिए गए।  जिसमें से ग्वालियर से 32, शिवपुरी से 11, मुरैना से 2, गुना से 3, श्योपुर से 2, भिण्ड से 2, दतिया से 2 खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *