पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने दक्षिण पश्चिम विस क्षेत्र से कार्यकर्ताओं से संवाद किया शुरू
भोपाल
भोपाल से कांग्रेस के लोकसभा प्रत्याशी और पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने आज राजधानी के दक्षिण पश्चिम विधानसभा क्षेत्र से कार्यकर्ताओं से संवाद शुरू किया। उन्होंने कहा कि चुनाव जीतने में बूथ कार्यकर्ता की सबसे अहम भूमिका होती है। इस मौके पर जनसंपर्क मंत्री पीसी शर्मा ने कहा कि कार्यकर्ताओं को बूथ जिताने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसलिए उन्हें अपने विधानसभा क्षेत्र तक सीमित किया गया है। धीरे-धीरे कार्यकर्ता को बूथ तक सीमित करेंगे ताकि जीत की राह में कोई गुंजाइश न रहे। कार्यक्रम में मंत्री सुरेंद्र सिंह हनी बघेल भी मौजूद रहे।
इस मौके पर जिला कांग्रेस शहर अध्यक्ष कैलाश मिश्रा ने कहा कि मेरा बूथ मेरा स्वाभिमान हमारा लक्ष्य होना चाहिए। इस भावना के साथ ही बूथ जीतने के लिए जनता के बीच जाना है। उन्होंने कहा कि तीस साल से हमने भोपाल में अपना सांसद नहीं देखा। अब मौका है कि इस बार जीत हासिल हो और हमारे सांसद हों। बूथ जीतने के लिए कार्यकर्ताओं से सुझाव भी इस दौरान मांगे गए। इसके पहले पूर्व सीएम दिग्विजय ने नर्मदा मंदिर में पूजन भी किया।