पालीगंज शादी समारोह से जुड़े लोगों पर कसता जा रहा शिकंजा, 200 से होगी पूछताछ

पटना 
                                                    
पालीगंज में आयोजित शादी समारोह में भाग लेने गए 111 लोगों में कोरोना का संक्रमण होने के बाद अब जांच शुरू हो गई है। करीब दो सौ लोगों से पूछताछ की जाएगी। प्रारंभिक जांच में जानकारी मिली है दूल्हे की गुरुग्राम (गुड़गांव) में ही तबीयत खराब हो गई थी तथा उसी स्थिति में उसकी शादी कराई गई थी। यहां संक्रमित लोगों में 29 महिलाएं और 6 बच्चे भी शामिल हैं। 

संक्रमितों में ज्यादातर बाराती
अधिकारियों का कहना है कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि दूल्हे की तबीयत बिगड़ने के बाद उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उसकी कोरोना की जांच  नहीं की गई। यह भी पता चला है कि दूल्हे के संपर्क में आने वाले ज्यादातर लोग पीड़ित हुए हैं। प्रथमदृष्टया यह प्रतीत होता है कि दूल्हे के संक्रमण की स्थिति में उसके संपर्क में उसके घर वाले और आसपास के लोग आए थे, जिन्हें यह बीमारी हुई। पीड़ितों में ज्यादातर बाराती हैं। इससे और स्पष्ट हो जाता है कि संक्रमण लड़का पक्ष से हुआ है। यह भी पता चला है कि संक्रमितों की कोई ट्रैवल हिस्ट्री नहीं है। इनमें ज्यादातर लोग स्वस्थ थे, लेकिन शादी समारोह के बाद इनकी स्थिति बिगड़ी।

बगैर कोरोना जांच अंतिम संस्कार पर भी होगी पूछताछ
पालीगंज एसडीओ का कहना है कि बगैर कोरोना जांच दूल्हे का अंतिम संस्कार क्यों कर दिया गया, इस संबंध में भी घर वाले से पूछताछ की जाएगी। यह भी जांच की जा रही है कि खाना बनाने वाला रसोइया और सब्जी सप्लाई करने वाला व्यापारी इसकी चपेट में कैसे आ गए। हालांकि, पीड़ितों में किसी की हालत गंभीर नहीं है, लेकिन 6 बच्चों पर विशेष ध्यान रखा जा रहा है, क्योंकि उन्हें इस बीमारी से ज्यादा खतरा है। 

कैसे 50 से अधिक लोगों ने लिया भाग होगा नोटिस
जिला प्रशासन का कहना है कि शादी विवाह के लिए अधिकतम 50 लोगों को ही भाग लेने की अनुमति दी जा रही है। इसके लिए संबंधित एसडीओ के यहां आवेदन अनिवार्य है। वर और वधू पक्ष को 50 लोगों के शामिल होने का शपथपत्र भी देना है। पालीगंज शादी समारोह में 50 से अधिक लोग कैसे भाग लिए, इस संबंध में लड़का और लड़की पक्ष के लोगों को प्रशासन नोटिस देगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *