दिल्ली में कांग्रेस-AAP साथ नहीं, राहुल गांधी ने किया गठबंधन से इंकार: केजरीवाल

 
नई दिल्ली

 लोकसभा चुनाव के लिए दिल्ली में आम आदमी पार्टी के साथ कांग्रेस का गठबंधन नहीं होगा। आम आदमी पार्टी के प्रमुख और दिल्ली सीएम अरविंद केजरीवाल ने इसकी जानकारी दी। केजरीवाल ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने लोकसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी के साथ नई दिल्ली में गठबंधन से इनकार कर दिया है और इसके साथ ही अब दोनों पार्टियों का एकसाथ चुनाव लड़ने की संभावनाएं भी खत्म हो गई हैं। उल्लेखनीय है कि इससे पहले रविवार को दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष शीला दीक्षित ने रविवार को साफ किया कि आज शाम तक या फिर सोमवार तक तस्वीर साफ हो जाएगी कि दिल्ली में आप और कांग्रेस साथ आएंगे या नहीं।
 
शीला ने मीडिया से बात करते हुए कहा था कि कुछ ही घंटों की बात है, थोड़ा इंतजार कीजिए, फैसला जल्द आप लोगों के सामने होगा। बता दें कि केजरीवाल कांग्रेस के साथ गठबंधन को लेकर काफी उत्सुक थे। वे कई बार सार्वजनिक तौर पर कह चुके हैं कि अगर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सत्ता से बाहर करना है तो राहुल गांधी को आप के साथ गठबंधन करना चाहिए। वहीं केजरीवाल दिल्ली के अलावा पंजाब और हरियाणा में भी कांग्रेस के साथ गठबंधन करना चाहते थे। दिल्ली में कांग्रेस- आप के गठबंधन को लेकर पिछले काफी समय से सस्पेंस बरकरार था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *