थाने ले जाने के नाम पर सिपाही ने यमुना खादर की झाड़ियों में किया रेप

 
नई दिल्ली

किडनैप होने के बाद घर पहुंची 16 साल की लड़की को काउंसलिंग के बहाने सिपाही बाइक पर यमुना खादर ले गया। आरोप है कि वहां झाड़ियों के पीछे ले जाकर रेप किया। फिर 200 रुपये देकर ऑटो में घर चले जाने के लिए कहने लगा। लड़की रोने लगी तो खुद ही गली के बाहर छोड़ गया। रेप की कॉल के बाद सीसीटीवी फुटेज लेने पहुंचे 2 पुलिसवालों के साथ हुई बहस के दौरान पड़ोसियों को वारदात की जानकारी मिली। पब्लिक थाने पहुंची तो अफसरों ने ऐक्शन का भरोसा दिया। पीड़िता के बयान पर रेप और पॉक्सो का मुकदमा दर्ज कर लिया गया। आरोपी सिपाही विश्राम को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

पड़ोसी युवक ने कर लिया था किडनैप
जानकारी मुताबिक, 16 साल 3 महीने की पीड़िता परिवार के साथ ब्रह्मपुरी इलाके में रहती है। परिवार में माता-पिता, तीन बहनें और एक छोटा भाई है। पीड़िता की इलाके में रहने वाले एक 25 साल युवक से दोस्ती थी। इसलिए परिजनों ने उसे मध्य प्रदेश के भिंड स्थित अपने गांव में छोड़ दिया था। आरोप है कि 4 दिन पहले आरोपी लड़का इसे भिंड से बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। परिजनों ने खोजबीन शुरू की और आरोपी लड़के के परिजनों से संपर्क साधा तो मंगलवार रात को लड़की खुद ही घर लौट आई।

काउंसलिंग के बहाने किशोरी को ले जाकर रेप किया
परिजनों ने बुधवार रात को युवक के खिलाफ किडनैपिंग की शिकायत करने का फैसला किया। इसलिए न्यू उस्मानपुर थाने पहुंच गए। आरोप है कि रातभर थाने में बिठाने के बाद भी सुनवाई नहीं हुई। थाने में फैसला करने पर दबाव बनाया गया। परिजन तड़के 3:30 बजे थाने से घर लौटे। आरोप है कि सुबह करीब 9:30 बजे न्यू उस्मानपुर थाने का सिपाही विश्राम लड़की की काउंसलिंग कराने की बात कहकर उसे बाइक पर बिठाकर ले गया। परिजन पीछे-पीछे थाने पहुंचे तो लड़की और सिपाही दोनों थाने नहीं पहुंचे थे। सिपाही को कॉल किया गया तो उसका नंबर बंद था।

सीसीटीवी फुटेज से वारदात की बात सामने आई
करीब 11.30 बजे लड़की घर पहुंची तो उसने परिवार को आपबीती सुनाई। उसने बताया कि सिपाही उसे तीसरे पुश्ते के जंगल में ले गया और वहां गंदा काम किया। परिजनों ने करीब 12.00 पीसीआर कॉल की तो थाने में हड़कंप मच गया। 2 पुलिसवाले जब सीसीटीवी फुटेज के लिए डीवीआर उठाने लगे तो पड़ोसियों को पूरा वाकया मालूम हुआ। स्थानीय लोग थाने पहुंच गए और हंगामा कर दिया। डीसीपी वेद प्रकाश सूर्या ने उन्हें कार्रवाई का भरोसा दिया तो लोग शांत हुए। पुलिस ने आरोपी सिपाही को हिरासत में ले लिया। सीनियर अफसरों ने सिपाही के खिलाफ सख्त एक्शन लेने का दावा किया है।
 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *