थम गया छठे चरण का चुनाव प्रचार, 8 सीटों पर 16 महिलाओं सहित 127 उम्मीदवार आजमा रहे किस्मत

पटना
 लोकसभा चुनावों के छठे चरण के तहत बिहार की 8 सीटों पर 12 मई को मतदान होने जा रहे हैं। छठे चरण के चुनाव प्रचार का सिलसिला शुक्रवार की शाम थम गया है। इस चरण में जिन सीटों पर मतदान होने हैं उसमें वाल्मीकिनगर, पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, शिवहर, वैशाली, गोपालगंज, सीवान और महाराजगंज शामिल हैं। आठ सीटों पर 16 महिलाओं सहित कुल 127 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमाने जा रहे हैं।

छठे चरण में बनाए गए 13 हजार 793 मतदान केन्द्र
छठे चरण में कुल 1 करोड़ 36 लाख 576 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे जिसमें पुरूष मतदाताओं की संख्या 73 लाख 05 हजार 983 है। वहीं महिला मतदाताओं की संख्या 64 लाख 96 हजार 117 है और थर्ड जेंडर मतदाताओं की संख्या 476 है। छठे चरण के मतदान करवाने के लिए 13 हजार 793 मतदान केन्द्र बनाए गए हैं। 

ये दिग्गज आजमा रहे हैं किस्मत
पश्चिमी चंपारण लोकसभा सीट से भाजपा के उम्मीदवार संजय जायसवाल का मुकाबला रालोसपा के बृजेश कुमार कुशवाहा के साथ होगा। पूर्वी चंपारण लोकसभा सीट पर भाजपा के राधा मोहन सिंह और रालोसपा के आकाश कुमार सिंह भाग्य आजमाने जा रहे हैं। वहीं शिवहर सीट पर भाजपा की रमा देवी का मुकाबला राजद के सैयद फैसल अली से होगा। इसके अतिरिक्त वैशाली सीट से पांच बार सांसद रहे राजद के रघुवंश प्रसाद का मुकाबला लोजपा की वीणा देवी के साथ होने जा रहा है। गोपालगंज सीट पर जदयू के डॉ. आलोक कुमार सुमन और राजद के सुरेंद्र राम चुनावी मैदान में उतरे हैं।

वहीं सीवान लोकसभा सीट से जदयू के अजय सिंह की पत्नी कविता सिंह और राजद के टिकट से शहाबुद्दीन की पत्नी हिना शहाब के बीच टक्कर है। महाराजगंज लोकसभा सीट पर भाजपा के जनार्दन और राजद के रंधीर सिंह आमने-सामने होंगे। वहीं वाल्मीकिनगर सीट पर जदयू के वैद्यनाथ प्रसाद महतो का मुकाबला कांग्रेस के शाश्वत केदार से होगा।

गौरतलब है कि बिहार की कुल 40 लोकसभा सीटों पर सात चरणों में चुनाव होने हैं। अब तक पांच चरणों में 24 सीटों पर चुनाव हो चुके हैं। 12 मई को होने वाले छठे चरण के बाद 19 मई को अंतिम व सांतवें चरण के तहत आठ सीटों पर मतदान करवाए जाएंगे। 23 मई को लोकसभा चुनावों के परिणामों की घोषणा होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *