ढाई महीने की कमलनाथ सरकार की खामियों को चुनाव में भुनाने लगी भाजपा

भोपाल
भारतीय जनता पार्टी ने लोकसभा चुनाव के चलते प्रदेश भर में प्रचार-प्रसार तेज कर दिया है। विजय संकल्प यात्रा के तहत भाजपा ने श्योपुर से चुनाव सभाओं की शुरूआत की है। इन सभाओं में भाजपा नेता प्रदेश की ढाई महीने की कमलनाथ सरकार की नाकामियों को गिनाकर लोकसभा चुनाव में भाजपा के लिए वोट मांग रहे हैं। खास बात यह है कि सभाओं में मप्र भाजपा के नेता एक साथ दिखाई दे रहे हैं और मप्र सरकार को युवा, किसान, महिला, अपराध आदि मुद्दों पर घेर रहे हैं। जिसमें कर्जमाफी को लेकर कांग्रेस सरकार पर गुमराह करने के आरोप लगाए जा रहे हैं। 

भाजपा की सभाओं में पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर, प्रदेशाध्यक्ष राकेश सिंह, नेता प्रतिपक्ष गोपाल भार्गव समेत अन्य नेता भी शिरकत कर  रहे हैं। जिसमें कांग्रेस के वचन पत्र का हवाल देकर कांग्रेस सरकार पर जमकर निशाना साधा जा रहा है। अभी तक श्योपुर, शिवपुरी, ग्वालियर, मुरैना, गुना, अशोकनगर जिले में भाजपा की विजय संकल्प यात्रा के तहत सभाएं हो चुकी है। अशोकनगर में हुई सभाा में पूर्व मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने कहा कि कांग्रेस सरकार बनने के बाद से भाजपा के कार्यकर्ताओं को प्रताडि़त किया जा रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री को चेतावनी देते हुए कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता कोई रसगुल्ला नहीं है, जो खा जाए। अगर भाजपा कार्यकर्ता की तरह आंख भी उठी तो हम सड़कों पर लड़ाई लड़ेंगे। कोई हमें दबाने की कोशिश न करे,  जब हम बदलते हैं तो इतिहास बदल जाते हैं। प्रदेश में अपराध जोरों पर हैं। रोजाना 6 हत्याएं हो रही हैं, मासूम बच्चे मारे जा रहे हैं। यह कैसी सरकार है, जो कुंभकरणी नींद में सो रही है। तबादला उद्योग के जरिए सरकार में भ्रष्टाचार का खुला खेल चल रहा है। कोई तबादला करवाने के पैसे ले रहा है, तो कोई रूकवाने का पैसा ले रहा है। 

भाजपा अध्यक्ष राकेश सिंह ने कहा कि विधानसभा चुनाव से पहले प्रदेश के कांग्रेस नेताओं ने एक मंच से कहा था कि ऐसी सरकार देंगे जो किसानों के लिए, युवाओं के लिए, गरीबों के लिए, माता-बहनों के सम्मान के लिए काम करने वाली होगी। ये सब तो अब सड़क पर खड़े हैं, लेकिन कांग्रेस के नेता, मुख्यमंत्री जी, कहां हैं। सिंधिया जी जनता ढूंढ रही है, आप कहां हैं। जनता पूछ रही है, जो वादे किए थे उनका क्या हुआ।

नेता प्रतिपक्ष गोपाल भार्गव ने गुना में कहा कि मध्यप्रदेश पिछले ढाई माह में लूट, अपहरण और डकैत का चारागाह बन गया है। कमलनाथ सरकार की इन ढाई महीनों में यह सबसे बडी उपलब्धि है कि अपराध का आंकड़ा आसमान छू गया है। उन्होंने कहा कि केन्द्र में नरेन्द्र मोदी की सरकार बनाए और बोनस में प्रदेश की कांग्रेस सरकार उखाड़ फेंके। उन्होंने कहा कि एक तरफ कांग्रेसी कहते हैं कि प्रमाण लाओं और सबूत लाओ। कांग्रेस के नेता कहते हैं ये दुर्घटना है। हम देश की बहादुर सेनाओं का अपमान नही होने देंगे। हमें नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केन्द्र में सरकार बनाकर देश विरोधी ताकतों का खात्मा करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *