आधा दर्जन सीटों पर कांग्रेस तीन दशक से खाली ‘हाथ’, हर बार खिला ‘कमल’

भोपाल
 (LOKSABHA ELECTION  2019 ) लोकसभा चुनाव में मध्य प्रदेश से भाजपा और कांग्रेस दोनों ही पार्टी के हाई कमान को खासा उम्मीद है| प्रदेश की 29 सीटों में से तीन पर फिलहाल भाजपा का कब्जा है, लेकिन हाल ही में भाजपा यहां विधानसभा का चुनाव हार चुकी हैं| वहीं कांग्रेस को 15 साल बाद सत्ता वापसी से ताकत मिली है| यही वजह है कि पिछले चुनाव में सिर्फ दो सीट जीतने वाली कांग्रेस अब 22 से ज्यादा सीटों पर जीत दर्ज करने का दावा कर रही है| लेकिन कांग्रेस के लिए यह राह उतनी भी आसान नहीं है| प्रदेश की लगभग आधा दर्जन लोकसभा सीटों पर करीब तीन दशक से कांग्रेस को जीत नहीं मिली है| भाजपा के मजबूत गढ़ वाली यह सीटें इस बार भी सबकी नजर में है| देखना होगा इस बार क्या एक बार फिर यहां कमल खिलेगा या कांग्रेस की हसरत पूरी होगी| 

पिछले लोकसभा चुनाव में भाजपा ने 29 में से 27 सीटें जीती थीं। आरक्षित वर्ग की सभी दस सीट भाजपा को मिली थीं। इसके बाद हुए रतलाम-झाबुआ के उपचुनाव में कांग्रेस के कांतिलाल भूरिया ने सीट जीतकर तीन सीटें कांग्रेस की कर दी थीं। अब हालात बदले हुए हैं और प्रदेश में कांग्रेस की सरकार है। 

इंदौर : प्रदेश की यह सीट राजनीतिक लिहाज से ख़ास मानी जाति है| यहां से लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन आठ बार से लगातार जीत रहीं हैं। उन्होंने कांग्रेसी दिग्गज प्रकाशचंद्र सेठी को परास्त कर यह सीट भाजपा की झोली में डाली थीं। सेठी की गिनती तब कांग्रेस की प्रथम पंक्ति के नेताओं में होती थी। वे देश के गृह मंत्री रह चुके थे। तीन दशक से कांग्रेस कभी यहां जीत नहीं पाई| यही वजह है कि इस बार इस सीट से बड़े नेता को कांग्रेस लड़ाने की तैयारी कर रही है| 

विदिशा : यह सीट हमेशा से ही सुर्ख़ियों में रही है, क्यूंकि इस सीट से कई बड़े नेता चुनाव लड़ चुके हैं|  जहां मतदाता घरेलू और बाहरी उम्मीदवार की बहस से दूर विचारधारा के आधार पर वोट देते आए हैं। पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटलबिहारी वाजपेयी भी 1991 में विदिशा के सांसद रह चुके हैं। तब वे विदिशा के साथ लखनऊ से भी चुनाव जीते थे, इसलिए उन्होंने विदिशा से इस्तीफा दे दिया था। वर्तमान में विदेश मंत्री सुषमा स्वराज इस सीट से सांसद है। वे दो बार यहां से सांसद चुनी गईं। मप्र के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पांच बार यहां से सांसद का चुनाव जीत चुके हैं। इस बार फिर उम्मीद है कि भाजपा उन्हें विदिशा से टिकट दे। यहां से स्व. रामनाथ गोयनका भी 1971 में एक बार जनसंघ के टिकट पर चुने जा चुके हैं। लेकिन इस बार स्थानियों लोगों में सुषमा के खिलाफ विरोध दिखा है| हालाँकि वो स्वयं चुनाव नहीं लड़ने का ऐलान कर चुकी हैं, जिसके चलते इस बार विदिशा को स्थानीय प्रत्याशी मिल सकता है| 

भिंड : 1989 से कांग्रेस यहां से लगातार हार रही है। उदयन शर्मा जैसे सितारा पत्रकार और विश्वनाथ शर्मा जैसे उद्योगपति भी भाजपा को नहीं हरा सके। भिंड लोकसभा सीट बीजेपी के मजबूत किले में से एक है|  इस सीट पर कभी विजयाराजे सिंधिया चुनाव जीत चुकी हैं, तो वहीं उनकी बेटी और राजस्थान की पूर्व सीएम वसुंधरा राजे भी इस सीट पर किस्मत आजमा चुकी हैं| 1984 के चुनाव में वसुंधरा राजे ने यहां से चुनाव लड़ा था, लेकिन उनको हार का सामना करना पड़ा था. फिलहास इस सीट पर पिछले 8 चुनाव से बीजेपी का ही कब्जा है. कांग्रेस को इस सीट पर सिर्फ 3 बार जीत नसीब हुई है| भिंड के पहले IAS अफसर डॉ. भागीरथ प्रसाद यहां के सांसद हैं|

दमोह : बुंदेलखंड की दमोह लोकसभा सीट को हथियाने के लिए कांग्रेस सारे प्रयोग कर चुकी है, लेकिन 1989 के बाद से सफलता हाथ नहीं लगी। दमोह लोकसभा सीट बीजेपी का गढ़ है| बीजेपी को इस सीट पर पहली जीत 1989 में मिली| 1989 के बाद से ही यहां पर बीजेपी का विजयी सफर जारी है| वह लगातार 8 चुनावों में यहां पर जीत हासिल कर चुकी है| आगामी लोकसभा चुनाव में बीजेपी की नजर लगातार यहां पर नौवीं जीत दर्ज करने पर होगी, वहीं कांग्रेस इस सीट पर जीत चाहती है| 

भोपाल : प्रदेश की राजनीति के केंद्र राजधानी भोपाल में ही कांग्रेस जीत का स्वाद नहीं चख पाई है| यहां भी 1989 से लगातार भाजपा का सांसद चुना जाता रहा है। पूर्व राष्ट्रपति डॉ. शंकरदयाल शर्मा और जनसंघ के धाकड़ नेता जगन्नाथराव जोशी जैसे नेता यहां का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। नौकरशाह रहे सुशीलचंद्र वर्मा भाजपा के टिकट पर यहां से चार बार सांसद रह चुके हैं। उनसे मुकाबले के लिए कांग्रेस ने भोपाल नवाब परिवार से जुड़े क्रिकेटर नवाब मंसूर अली खान को भी मैदान में उतारा पर जीत नहीं मिली। जनता दल ने स्वामी अग्निवेश को वर्मा के मुकाबिल उतारा लेकिन कामयाबी नहीं मिली। 2014 के चुनाव में भाजपा ने आलोक संजर को टिकट दिया और वे रिकॉर्ड मतों से कामयाब रहे। कयास हैं कि इस बार कांग्रेस भोपाल से पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह को उतार रही है।

अन्य जगह ये हाल : इसके अलावा मंदसौर में अब तक हुए 14 लोकसभा चुनावों में से 11 बार भाजपा या जनसंघ के उम्मीदवार विजयी रहे। सागर, जबलपुर, खजुराहो, मुरैना, बैतूल में भी 20 से लगाकर 25 साल से कांग्रेस हार रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *