ठंड ने तोड़ा 6 साल का रिकॉर्ड, शाम होते ही लोग घरों में दुबक रहे

इंदौर
उत्तर भारत के पहाड़ी स्थानों पर हुई बर्फबारी के चलते इंदौर समेत पूरा प्रदेश तीन दिनों से ठिठुरनभरी हवाओं के चलते कडक़ड़ाती सर्दी के आगोश में है। शहर में भी न्यूनतम तापमान ने सीजन का सर्वाधिक गोता लगाकर 6 वर्षों का रिकॉर्ड तोड़ा। न्यूनतम तापमान 5.6 डिग्री सेल्सियस पहुंचा, जो इसके पहले 2012 में 5.4 डिग्री सेल्सियस रहा था। इधर, जिला प्रशासन ने छुट्टी को विराम देते हुए बुधवार से आंगनवाड़ी केंद्रों और स्कूलों में माध्यमिक कक्षाएं पूर्व समय सुबह 8.30 बजे पर ही लगाने के आदेश दिए हैं।

कोल्ड डे बढ़े
जनवरी का मौसम औसतन दिसंबर जैसा ही रहता है, लेकिन इस बार कोल्ड और सिवियर कोल्ड डे अपेक्षाकृत ज्यादा रहे। जनवरी में सामान्यत: न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस रहता है, लेकिन इस बार इसमें कई बार गिरावट देखी गई। जनवरी महीने में शहर के तापमान का इतिहास देखें तो 27 जनवरी 1990 को अधिकतम 33.9 डिग्री रिकॉर्ड किया गया था, जबकि 16 जनवरी 1935 को न्यूनतम तापमान -1.1 डिग्री सेल्सियस रहा था।

शाम को हवाओं ने मिजाज बदला
शहर में चार दिन से न्यूनतम तापमान में लगाातर गिरावट का दौर जारी है। मंगलवार सुबह कोहरे के साथ हुई। सुबह 9 बजे तक सूर्य की किरणों की तपिश का अहसास ही नहीं हुआ। हालांकि दोपहर में धूप की तेजी महसूस की गई, लेकिन शाम 5 बजे बाद हवाओं ने मौसम का रुख फिर मोड़ दिया। शाम को पारा फिर धड़ाम हो गया, जिससे सुबह-शाम बाजार में ग्राहकों की भीड़ नहीं रही। शाम होते को सडक़ें सूनी ही दिखाई दीं। लोग ज्यादातर समय अलाव और हीटर के पास नजर आए। नगर निगम ने प्रमुख स्थानों पर अलाव जलाने की व्यवस्था की है।

दो दिन और शीत लहर की संभावना
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान इंदौर संभाग के जिलों में तीव्र शीतलहर की आशंका व्यक्त की है। इससे तापमान में और गिरावट आ सकती है। प्रदेश में सर्द हवाओं के साथ पड़ रही कड़ाके की ठंड से अभी दो दिन तक राहत मिलने की कोई उम्मीद नहीं है। संभावना जाहिर की गई है कि फरवरी के पहले सप्ताह में न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी होने से राहत मिल सकती है। देश के उत्तरी क्षेत्र में भारी बर्फबारी के चलते हवा में ठंडक आ गई है और उत्तरी हवाओं के प्रभाव के कारण मैदानी क्षेत्र में तापमान लगातार गिर रहा है।

स्कूलों में बुधवार को अवकाश घोषित नहीं किया है। शासकीय और निजी स्कूलों में प्राथमिक और माध्यमिक कक्षाओं का समय सुबह साढ़े आठ बजे से ही रहेगा।
लोकेशकुमार जाटव, कलेक्टर, इंदौर

तारीख – अधिकतम – न्यूनतम
26 जनवरी – 20.80 – 10.40
27 जनवरी – 19.60 – 7.20
28 जनवरी – 20.10 – 7.30
29 जनवरी – 20.70 – 5.60

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *