जलवायु परिवर्तन पर अध्ययन के लिये एप्को को मिला राष्ट्रीय पुरस्कार

 भोपाल
केन्द्रीय जल शक्ति मंत्रालय द्वारा राष्ट्रीय जल मिशन के अन्तर्गत जल संसाधन स्त्रोतों पर जलवायु परिवर्तन के प्रभाव और उनका आकलन श्रेणी में पर्यावरण नियोजन एवं समन्वय संगठन (एप्को) मध्यप्रदेश को पहला पुरस्कार प्राप्त हुआ है। आज नई दिल्ली के विज्ञान भवन में जल शक्ति मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने पुरस्कार प्रदान किया। एप्को के कार्यपालन संचालक जीतेन्द्र सिंह राजे ने पुरस्कार प्राप्त किया। इस मौके पर केन्द्रीय राज्य मंत्री रतनलाल कटारिया भी मौजूद थे। पुरस्कार राज्य शासन को समर्पित करते हुए कार्यपालन संचालक ने पुरस्कार राशि को मध्यप्रदेश के बाढ़ राहत के लिये मुख्यमंत्री राहत कोष में देने का निर्णय लिया।

मध्यप्रदेश के 51 जिलों में जलवायु परिवर्तन की वजह से जल-संसाधन, वन, कृषि और मानव स्वास्थ्य पर होने वाले प्रभाव का आकलन किया गया है। इस अध्ययन में वैज्ञानिक दृष्टि से यह अनुमान लगाया गया है कि निकट और दूर भविष्य में मध्यप्रदेश के किन जिलों में पानी की समस्याएँ अधिक रहेगी और जल आपूर्ति की दृष्टि से कौन से जिले संवेदनशील रहेंगे। इस अध्ययन के सन्दर्भ को लेकर मध्यप्रदेश में जलवायु परिवर्तन से जुड़ी परियोजनाओं का निर्माण कार्य भी एप्को द्वारा किया जा रहा है। वर्तमान में एप्को द्वारा तीन परियोजनाओं का संचालन किया जा रहा है जो इस अध्ययन के निष्कर्षों पर आधारित है।

जितेन्द्र सिंह राजे ने बताया कि उत्कृष्ट नेतृत्व में यह कार्य वर्ष 2018-19 में एप्को द्वारा सफलता से किया गया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की नीतियों का क्रियान्वयन पर्यावरण-संरक्षण को केन्द्र में रखकर किया जा रहा है। एप्को द्वारा भविष्य में निरंतर रूप से पर्यावरण-संरक्षण से संबंधित कार्य किये जाते रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *