गला घोंटकर किया पत्नी का मर्डर, फिर थाने पहुंचा बिजनसमैन

नई दिल्ली
अपनी पत्नी की गला घोंटकर हत्या करने के बाद एक बिजनसमैन खुद मालवीय नगर थाने पहुंचा और पुलिस को पूरी जानकारी दी। थाने में बैठे ड्यूटी अफसर को भी एक बार तो यकीन नहीं हुआ। आरोपी के कहने पर जब पुलिस मालवीय नगर के खिड़की एक्सटेंशन स्थित उसके घर पहुंची तो कमरे के अंदर उनका शव पड़ा था। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। घटना बुधवार सुबह की है।

साउथ दिल्ली पुलिस ने बताया कि आरोपी का नाम सुमित मोंगिया (38) है। उसकी पत्नी 31 साल की दीपिका मोंगिया थीं। घटना बुधवार सुबह 9 से 9:30 बजे के बीच की है। दंपती के दो बच्चे हैं। शादी 23 नवंबर 2009 को हुई थी। पुलिस ने जब सुमित से पूछा कि उसने अपनी पत्नी की हत्या क्यों की तो जवाब हैरान करने वाला था। सुमित ने पुलिस को बताया है कि उसकी पत्नी आए दिन झगड़ा करती थीं। आरोप है कि वह सुमित को अपने परिवार से मिलने से भी रोकती थीं। इससे आए दिन दोनों के बीच झगड़े होते थे। बुधवार सुबह भी दोनों के बीच झगड़ा हुआ। सुमित ने अपनी पत्नी की गला घोंटकर हत्या कर दी। उस वक्त घर पर उनके दोनों बच्चे भी नहीं थे। हत्या के बाद सुमित ने कमरे को बाहर से लॉक कर दिया। उसके बाद सीधे मालवीय नगर थाने पहुंच गया।

पिछले साल पत्नी ने की थी शिकायत
बताया जाता है कि पिछले साल दीपिका ने सुमित के खिलाफ पुलिस को पीसीआर कॉल की थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि सुमित ने उनकी पिटाई की है। उस वक्त पुलिस ने मौके पर जाकर मामला शांत करा दिया था। उसके बाद भी लगातार दोनों के बीच खटपट होती रहती थी। सुमित का खिड़कियों में ग्लास लगाने का बिजनस है। वह खिड़की एक्स्टेंशन की एक बिल्डिंग की चौथी मंजिल पर रहता है। परिवार के बाकी लोग उसी बिल्डिंग की तीसरी मंजिल पर रहते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *