कोरोना: देश में अब तक 84 केस, महाराष्ट्र में 20 मामले

नई दिल्ली
भारत समेत दुनिया के 120 से ज्यादा देश घातक कोरोना वायरस की चपेट में हैं। दुनिया भर में 1,35000 से ज्यादा लोग इसके चपेट में हैं जबकि 5 हजार से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। भारत में भी 84 लोग संक्रमित हैं। इसमें ठीक हो चुके 10 लोग और जान गंवाने वाले 2 लोग भी शामिल हैं। शनिवार को महाराष्ट्र के नागपुर में कोरोना वायरस संक्रमण के एक और मामले की पुष्टि हुई है। अब महाराष्ट्र में इस खतरनाक वायरस से संक्रमित लोगों की संख्या 20 हो चुकी है।

पश्चिम बंगाल में सभी स्कूल कॉलेज 31 मार्च तक के लिए बंद कर दिए गए हैं। गोवा में स्कूल, कॉलेजों के साथ पबों को भी 31 मार्च तक के लिए बंद कर दिया गया है। इस बीच केंद्र सरकार ने कोरोना वायरस से जान गंवाने वाले लोगों या मरीजों की देखरेख करने वालों की मौत पर उनके परिवार को 4-4 लाख की सहायता राशि देने का ऐलान किया है।

कोरोना से जान गंवाने वालों के परिजनों को 4 लाख की मदद
केंद्र सरकार ने शनिवार को कोरोना वायरस से जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के लिए सहायता राशि का ऐलान किया। मरने वाले मरीज या फिर मरीजों की देखभाल करने वाले की मौत पर उनके परिजनों को केंद्र सरकार की तरफ से 4-4 लाख रुपये की सहायता राशि दी जाएगी।

महाराष्ट्र और तेलंगाना में 1-1 नए मामले
महाराष्ट्र के नागपुर में शनिवार को कोरोना वायरस संक्रमण का एक और मामले की पुष्टि हुई है। इसके साथ ही महाराष्ट्र में अब तक 20 लोगों में कोरोना वायरस के संक्रमण की पुष्टि हो चुकी है। इसी तरह शनिवार को तेलंगाना में भी एक और मामले की पुष्टि हुई है। तेलंगाना हेल्थ मिनिस्ट्री ने बताया कि मरीज हाल ही में इटली की यात्रा से लौटा था। उसे हैदराबाद के सरकारी अस्पताल में आइसोलेशन वार्ड में रखा गया है।

4,000 से ज्याद लोग निगरानी में रखे गए हैं
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने शनिवार को बताया कि देश में कोरोना वायरस पॉजिटिव केसों की संख्या 84 हो चुकी है। मंत्रालय ने बताया कि संक्रमण से पीड़ित 7 लोग अब स्वस्थ हो चुके हैं और उन्हें अस्पताल से छुट्टी दी जा चुकी है। इसके अलावा कुल 84 संक्रमित लोगों के संपर्क में आए 4,000 से ज्यादा लोगों को निगरानी में रखा गया है। मंत्रालय की तरफ से यह भी बताया कि ईरान से भारतीयों को लेकर आने वाला विमान शनिवार आधी रात को मुंबई में लैंड करेगा।

दिल्ली में 7, महाराष्ट्र में 20 मामले
दिल्ली में कोरोना वायरस से शुक्रवार को एक 68 साल की महिला की मौत हो गई। दिल्ली के सातों मामले भारतीयों के हैं, जिसमें से एक को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। वहीं हरियाणा में 14 पुष्ट मामले सामने आए हैं, जिसमें सभी मरीज विदेशी नागरिक हैं। केरल में अब तक कोविड-19 के सबसे अधिक मामले सामने आए हैं। केरल के बाद महाराष्ट्र में सबसे अधिक मामले सामने आए हैं। यहां संक्रमित लोगों की संख्या 20 है। उत्तर प्रदेश में 11 पुष्ट मामले हैं, जिसमें से 10 मरीज भारतीय और एक विदेशी है। कर्नाटक में 6 मामले सामने आए हैं, जबकि कोविड-19 से यहां एक मौत हो चुकी है। राजस्थान में तीन मामले सामने आए हैं, जिनमें से एक मरीज भारतीय और दो विदेशी हैं। वहीं तीनों में से एक को डिस्चार्ज कर दिया गया है। वहीं तेलंगाना में 2, आंध्रप्रदेश, तमिलनाडु और पंजाब में एक-एक मामले सामने आए हैं। केंद्र शासित प्रदेश जम्मू एवं कश्मीर में एक और लद्दाख में तीन पुष्ट मामले हैं।

लखनऊ में कोरोना वायरस के 2 मामले
लखनऊ में 22 साल का एक युवक कोरोना वायरस की जांच में पॉजिटिव पाया गया है और उसे किंग जॉर्ज मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया है। इसी के साथ लखनऊ में वायरस से संक्रमित लोगों की संख्या दो हो गई है। यह रोगी पहली महिला रोगी का रिश्तेदार है जो कनाडा से भारत आई थी। किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (केजीएमयू) के मेडिसिन विभाग के डॉक्टर प्रो डी हिमांशु ने बताया कि सर्दी जुकाम से पीड़ित युवक को सिविल अस्पताल में भर्ती किया गया था। इसके नमूने परीक्षण के लिये केजीएमयू भेजे गये थे। शुक्रवार रात नमूने की जांच पॉजिटिव पाए जाने के बाद युवक को केजीएमयू भेज दिया गया जहां उसे अलग वार्ड में रखा गया है। उन्होंने बताया कि इस रोगी के नमूने विस्तृत परीक्षण के लिये पुणे भेजे जा रहे हैं। युवक की हालत फिलहाल स्थिर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *