कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी द्वारा BJP पर मनगढ़ंत आरोप लगाने पर कार्रवाई करे चुनाव आयोग: भाजपा 

सतना 
भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी द्वारा भारतीय जनता पार्टी, केंद्र सरकार और पार्टी नेताओं पर मनगढ़ंत आरोप लगाकर वोट मांगे जाने की शिकायत निर्वाचन आयोग से की है। इस संबंध में पार्टी का एक प्रतिनिधिमंडल मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय पहुंचा और लिखित शिकायत सौंपकर कार्रवाई की मांग की। 

प्रतिनिधिमण्डल द्वारा आयोग को सौंपी गई शिकायत में कहा गया है कि जबलपुर लोकसभा क्षेत्र के सीहोरा ग्राम में कांग्रेस की आमसभा को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के बारे में आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। उन्होंने स्पष्ट रूप से बोलते हुए कहा था कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह हत्या के आरोपी हैं। इसके उपरांत उन्होंने कहा था कि उनके शहजादे तो जादूगर हैं जो कि 50 हजार की रकम को 3 महीने में 80 करोड़ कर देते हैं। शिकायत में कहा गया है कि शाह को हत्या का आरोपी कहना उन्हें व्यक्तिगत रूप से कलंकित करने के लिए लगाया गया आरोप है। शाह को सर्वोच्च न्यायालय ने भी हत्या का आरोपी नहीं माना है। इस मामले में राहुल गांधी प्रथम दृष्टया आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन के दोषी हैं, इसलिए उनके विरूद्ध कार्रवाई की जाए। 

शिकायत में कहा गया है कि पिछले दिनों कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने कांग्रेस की आमसभा में कहा था कि मोदी सरकार ने आदिवासियों को गोली मारने का कानून बनाया है, जबकि वास्तविकता यह है कि कानून कांग्रेस के शासनकाल में पं. जवाहरलाल नेहरू के कार्यकाल में बना था, जो संसद के रिकॉर्ड में भी दर्ज है। शिकायत में कहा गया है कि राहुल गांधी ने अपने भाषण में इस तरह के गंभीर, मंनगढ़न और झूठे आरोप लगाकर कांग्रेस पार्टी के लिए वोट मांग रहे हैं, इसलिए उनके खिलाफ कार्रवाई की जाए।

पार्टी के प्रतिनिधिमण्डल ने सतना नगरपालिका निगम द्वारा कांग्रेस का प्रचार करने की शिकायत निर्वाचन आयोग से की है। पार्टी द्वारा कहा गया है कि सतना नगर निगम द्वारा एक पोस्टर लगवाया गया है जिसमें यह लिखा गया है कि वोट फार सतना। चित्र के अवलोकन से यह स्पष्ट होता है कि इस होडिंग में कांग्रेस पार्टी का चुनाव चिन्ह हाथ का पंजा जो तिरंगे रंग में दशार्या गया है, के माध्यम से कांग्रेस को वोट करने की अपील की गई है। इस होडिंग को देखकर वहां के नागरिकों ने यह सूचित किया है कि नगरपालिका निगम द्वारा कांग्रेस पार्टी के प्रचार हेतु यह होडिंग लगाया गया है, क्योंकि इसमें हाथ का पंजा दिखाकर वोट करने की अपील की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *