कर्ज विवाद में किसान ने खाया जहर, कर्जदाता बनाता रहा विडियो

मुंबई
महाराष्ट्र के बीड जिले में कर्ज से परेशान एक किसान ने जहर खाकर जान देने की कोशिश की। पुलिस के मुताबिक, 29 वर्षीय सुदाम फापला ने कर्ज को लेकर विवाद के बाद कर्जदाता के सामने ही जहर खा लिया। इस दौरान कर्जदाता किसान को बचाने की बजाय उसका विडियो शूट करने लगा। किसान को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

पुलिस ने बताया कि जिले के मजलगांव इलाके के बेलोर गांव में फापला ने जहर खाकर जान देने की कोशिश की। जब उसने जहर खाया तब कर्ज देने वाला शख्स वहां मौजूद था और उसने फापला को रोकने की बजाय उसका विडियो शूट करने लगा। बाद में किसान के आत्महत्या की कोशिश का विडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि साल 2011 में सुदाम के चाचा ने बेटी की शादी के लिए एक निजी कर्जदाता से 1.90 लाख रुपये उधार लिए थे।

इसके बदले में उन्होंने अपनी खेती की जमीन गिरवी रखी थी। सुदाम मे तहसीलदार के सामने दिए अपने बयान में आरोप लगाया कि कर्जदाताओं ने उसे जहर खाने के लिए मजबूर किया। उन्होंने बताया कि उनके परिवार ने साल 2012 में ही ढाई लाख रुपये का कर्ज चुका दिया था। इसके बाद वह अपना खेत वापस चाहते थे लेकिन कर्जदाताओं ने इसे देने से मना कर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *