कमलनाथ सरकार ने कर दिए 301 IAS के तबादले, छह माह का दिया हिसाब

भोपाल
 मध्य प्रदेश में कांग्रेस सरकार आने के बाद बीते छह महीने में एक काम बड़ी तेज़ी से हुआ है। वह है अफसरों का तबादला। बीते 6 महीने में सरकार ने 301 आईएएस और 202 राज्य प्रशासनिक अफसरों का तबादला किया है। यह जानकारी विधानसभा में जीएडी विभाग द्वारा दी गई है। पूर्व विधानसभा अध्यक्ष सीतासरन शर्मा के लिखित सवाल के जवाब में यह जानकारी जीएडी मंत्री गोविंद सिंह ने विधानसभा में दी।

उन्होंने कहा कि सरकार इस बात की जानकारी जुटा रही है कि कांग्रेस सरकार बनने के बाद प्रदेश में कितने आईएएस और राज्य प्रशासनिक अफसरों के तबादले किए गए है और इन तबादलों से सरकार पर कितना वित्तीय खर्च आया है। तबादला बोर्ड की अनुशंसा के बारे में भी जानकारी जुटाने की बात कही गई है। यही नहीं शर्मा ने अपने सवाल में यह जानकारी भी सरकार से मांगी थी कि अफसरों के तबादले के बाद उनके सामान की शिफ्टिंग पर कितना खर्च आया है और किन सांसद और विधायकों ने अफसरों के तबादले की अनुशंसा की है।

सरकार ने इस सवाल की जवाब में कहा है कि वह जानकारी जुटा रहे हैं अभी यह बताना संभव नहीं है। बता दें कि पूर्व मंत्री भूपेंद्र सिंह ने भी सरकार से ऐसी ही जानकारी मांगी थी। उन्होंने वित्तीय खर्च के अलावा एक अफसर का कितनी बार तबादला हुआ इसकी जानकारी मांगी थी। इन सवालों के जवाब में जीएडी मंत्री गोविंद सिंह ने बताया कि 367 आईएएस में से 301 और 572 राज्य प्रशासनिक सेवा के अफसरों में से 202 के तबादले जून तक किए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *