उमा भारती ने भोपाल लोकसभा चुनाव प्रत्याशी प्रज्ञा ठाकुर को लेकर किए गए आधा दर्जन ट्वीट

भोपाल
केंद्रीय मंत्री उमा भारती ने कहा है कि भोपाल की लोकसभा चुनाव कैंडिडेट प्रज्ञा ठाकुर एक अखाड़े की प्रमुख हैं, उनके शिष्ट भी हैं और उन्होंने निजी जीवन में बहुत कष्ट झेले हैं। इसी कारण उनके द्वारा पत्रकारों के सवाल पर कहा गया था कि वे महान और बड़ी संत हैं और वे (उमा) साधारण हैं। उमा भारती ने ये बातें कल भोपाल आने के बाद ट्विटर पर किए गए आधा दर्जन ट्वीट के माध्यम से कही हैं। सोशल मीडिया में उनके इन ट्वीट्स के अलग-अलग मायने निकाले जा रहे हैं। उधर आज साध्वी प्रज्ञा ठाकुर उमा भारती से मिलने उनके बंगले पहुंचीं। 

केंद्रीय मंत्री उमा भारती ने भोपाल लोकसभा चुनाव प्रत्याशी प्रज्ञा ठाकुर को लेकर किए गए आधा दर्जन ट्वीट में लिखा है कि पिछले दिनों वायरल वीडियो में उनका जो बयान सामने आया है उसमें दो बातें गायब हैं। पहली यह कि सवाल क्या पूछा गया था और दूसरी यह कि मेरा पूरा उत्तर क्या था? भारती ने लिखा है कि सवाल यह था कि क्या वे साध्वी प्रज्ञा को खुद से छोटा या बड़ा संत मानती हैं। इसके जवाब में उमा ने लिखा है कि साध्वी ने संत अवधेशानंद महाराज से सन्यास लेने के बाद अपना स्वयं का अखाड़ा बनाया है तथा उनके अपने अनुयायी भी हैं। वह सन्यासियों की परम्परा से जुड़ी हुई संत हैं। अपने बारे में जानकारी देते हुए उमा भारती ने ट्वीट में लिखा है कि वे कृष्ण भक्ति संप्रदाय में वैष्णव मार्ग में दीक्षित हैं। उनके गुरु कर्नाटक के उडुपी पीठ के पेजावर स्वामी हैं। उमा के अनुसार उन्होंने कोई आश्रम, शिष्य या अनुयायी नहीं बनाया है। मेरा वैष्णव परंपरा में दीक्षित होकर सन्यासी होना निजी विषय है। वह मेरे और मेरे गुरुजी के बीच का विषय है। 

एक अन्य ट्वीट में उमा भारती ने लिखा है कि साध्वी प्रज्ञा अखाड़े की प्रमुख हैं तथा उन्होंने निजी जीवन में बहुत कष्ट झेले हैं। इसी कारण उन्होंने सवाल के जवाब में टिप्पणी की थी। उन्होंने लिखा है कि वे भोपाल में हैं और साध्वी प्रज्ञा के चुनाव प्रचार में भी शामिल होंगी। उमा के मुताबिक वे साध्वी प्रज्ञा का बहुत आदर करती हैं तथा उनके प्रति बहुत संवेदनशील भी है। पूर्व में की गई टिप्पणी उसी संदर्भ में थी। गौरतलब है कि उमा भारती के वायरल वीडियो में उन्होंने खुद को मामूली बताते हुए प्रज्ञा को महान संत कहा था। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *