उत्तर बिहार में नदियों में उतार-चढ़ाव, कहीं कटाव तो कहीं फसल बर्बादी का खतरा ​

मुजफ्फरपुर
उत्तर बिहार के अधिकांश जिलों में नदियों का जलस्तर घटने से कटाव का खतरा बढ़ गया है। अलग-अलग जिलों में बागमती, गंडक, बूढ़ी गंडक के जलस्तर में उतार-चढ़ाव जारी है। रविवार को मुजफ्फरपुर के औराई में लखनदेई का जलस्तर स्थिर है, पर टूटे तटबंध से पानी धान और मक्का के खेतों में फैल रहा है। किसानों को भारी नुकसान होने की आशंका है। औराई के कुशवाहा टोला जाने वाले रास्ते पर पांच दिनों से पानी होने के कारण लोगों का आवागमन ठप है। रविवार को इलाके के लोगों ने खुद चचरी पुल के निर्माण में जुट गए। जिले में बागमती का जलस्तर घटने से औराई और कटरा के लोगों को राहत है। रेवाघाट में गंडक का जलस्तर 52.87 मीटर पर रिकार्ड किया गया, यहां खतरे का निशान 54.41 मीटर पर है। वहीं सिकंदरपुर में बूढ़ी गंडक का जलस्तर 48.98 मीटर पर रहा, यहां खतरे का निशान 52.53 मीटर पर है। ​​

बागमती का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर
उधर, सीतामढ़ी के कटौझा में बागमती का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर रहा। बागमती का ढेंग घाट पर जलस्तर बढ़ रहा है। यहां नदी का जलस्तर खतरे के निशान के करीब गई है। अधवारा समूह व मनुषमरा नदियों का जलस्तर सभी स्थानों पर स्थिर है। मधुबनी में नदियों का जलस्तर खतरे के निशान से नीचे है। जिले के मधेपुर में कोसी का पानी खेतों में फैलने लगा है। दरभंगा में सभी नदियां खतरे के निशान के नीचे रहीं।  ​

मोतिहारी में चटिया व लालबेगीया नदी के जलस्तर में हो रहा वृद्धि ​
मोतिहारी में धीरे-धीरे नदियों के जलस्तर में वृद्धि हो रही है। गंडक नदी का चटिया व लालबेगिया में जलस्तर में वृद्धि दर्ज की गयी है। गंडक चटिया में 65.61 मीटर पर रही, यहां खतरे का निशान 70.04 मीटर पर है। लालबेगिया में 60.60 मीटर पर जलस्तर पर रहा यहां खतरे का निशान 63.19 मीटर पर है। बेतिया में सिकरहना व पंडई समेत अन्य नदियों का जलस्तर सामान्य रहा। रविवार को वाल्मीकिनगर बराज से सुबह दस बजे 80,700 क्यूसेक पानी छोड़ा गया। ​

समस्तीपुर में नदियों में उफान जारी ​
समस्तीपुर जिले में नदियां धीरे-धीरे खतरे के निशान की ओर बढ़ रही हैं। बूढ़ी गंडक का जलस्तर 42.50 मीटर पर रहा, इसमें वृद्धि जारी है। करेह का हायाघाट में जलस्तर 42.76 मीटर पर स्थिर है। गंगा के जलस्तर में वृद्धि जारी है। यहां जलस्तर 43.16 मीटर पर रहा। ​

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *