ईस्टर हमले के दोषी एनटीजे के सभी सदस्य गिरफ्तार: विक्रमसिंघे

कोलंबो    
श्रीलंका के प्रधानमंत्री रानिल विक्रमसिंघे ने शनिवार को कहा कि ईस्टर के दिन हुए हमले के लिए सरकार द्वारा दोषी ठहराए गए एक स्थानीय इस्लामी चरमपंथी समूह के सभी सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया गया है। ईस्टर पर नौ आत्मघाती हमलावरों ने सिलसिलेवार ढंग से कई विनाशकारी हमलों को अंजाम दिया था। हमले में तीन चर्चों और तीन लक्जरी होटलों को निशाना बनाया गया था।

सरकार ने हमलों के लिए स्थानीय जिहादी समूह नेशनल तौहीद जमात (एनटीजे) को दोषी ठहराया। इस्लामिक स्टेट समूह ने भी हमलों में भूमिका का दावा किया था। विक्रमसिंघे ने गाले में एक सभा को संबोधित करते हुए कहा, ‘मुझे पुलिस से रिपोर्ट मिली है कि जहरान समूह के सभी सदस्य या तो गिरफ्तार कर लिए गए हैं या वर्तमान में हिरासत में हैं। एनटीजे का नेता जहरान हाशिम ईस्टर के दिन हुए आत्मघाती हमलों में से एक में मारा गया था।

वहीं दूसरी ओर, श्रीलंका के राष्ट्रपति मैत्रीपाला सिरिसेना ने शनिवार को देश में लगे आपातकाल की समयावधि और बढ़ा दी। द्वीप राष्ट्र में अप्रैल में ईस्टर रविवार को हुए धमाकों के बाद सुरक्षा कारणों के चलते आपातकाल घोषित किया गया था। इन धमाकों में 258 लोगों की जान चली गई। मैत्रीपाला सिरिसेना ने कहा कि उनका मानना है कि देश में ''सार्वजनिक आपातकाल था और वह आपातकाल की स्थिति को बढ़ाते हुए सार्वजनिक सुरक्षा अधिनियम के प्रावधानों को लागू कर रहे हैं।

संदिग्धों को पकड़ने और हिरासत में लेने के लिए पुलिस और सुरक्षा बलों को व्यापक अधिकार देने वाला यह सख्त कानून शनिवार को समाप्त होने वाला था। कोलंबो में तीन गिरजाघरों और तीन होटलों का निशाना बनाते हुए किए गए धमाकों के सिलसिले में 10 महिलाओं सहित 100 से अधिक लोगों को हिरासत में लिया गया है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *