इस्तीफों की झड़ी के दौर में CM कमलनाथ दे सकतें है PCC चीफ पद से इस्तीफा !

भोपाल
कांग्रेस में लगी इस्तीफों की झड़ी के दौर में मुख्यमंत्री कमलनाथ अगले दो दिन के भीतर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे सकते हैं। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी से मिलने के बाद उनका पीसीसी चीफ से इस्तीफा हो सकता है।  वे इस पद को छोड़ने की विधानसभा चुनाव के बाद ही इच्छा जता चुके है। उनके इस्तीफे की खबर से प्रदेश अध्यक्ष अपने गुट से बनाने के लिए सभी दिग्गज दिल्ली में सक्रिय हो गए हैं।

कमलनाथ आज रात में दिल्ली पहुंच रहे हैं। यहां पर वे पार्टी के कई नेताओं से मुलाकात करेंगे। उनकी राहुल गांधी से भी मुलाकात हो सकती है। इस दौरान नए अध्यक्ष को लेकर दोनों नेताओं में बातचीत हो सकती है। इसके बाद नए प्रदेश अध्यक्ष का ऐलान किया जा सकता है।

ज्योतिरादित्य सिंधिया समर्थक मंत्री से लेकर विधायक और उनके कार्यकर्ता चाहते हैं कि सिंधिया को पीसीसी चीफ की कमान मिले। उनके समर्थन में प्रद्युम्न सिंह तोमर, इमरती देवी, प्रभुराम चौधरी बयान भी दे चुके हैं। वहीं पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह का नाम भी इस दौड़ में शामिल माना जा रहा है। राज्यसभा सदस्य विवेक तन्खा को पीसीसी चीफ बनाने की लॉबिंग सोशल मीडिया पर शुरू हो गई है। उन्हें पीसीसी चीफ बनाने के लिए व्हिसल ब्लोअर डॉ. आनंद राय, आशीष चतुर्वेदी, प्रशांत पांडे, अजय हुंका ने मुहिम शुरू कर दी है।

आमतौर पर कांग्रेस में यह व्यवस्था रही है कि जब-जब उसकी सरकार होती है, तब मुख्यमंत्री की मर्जी से ही प्रदेश अध्यक्ष बनाया जाता है। वर्ष 1994 में इससे अलग हुआ था, जब दिग्विजय सिंह मुख्यमंत्री थे और विद्याचरण शुक्ल गुट के परसराम भारद्वाज को प्रदेश अध्यक्ष बना दिया गया था। उस वक्त सत्ता और संगठन में विवाद सुर्खियों में रहा था।  इसके बाद दिग्विजय सिंह गुट से ही 2003 तक पीसीसी बने। कांग्रेस के पुराने अनुभव को देख कर यह भी माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री कमलनाथ की पसंद का ही पीसीसी बनाया जा सकता है। इसमें अनुसूचित जाति से भी किसी का नाम पर वे सहमति दे सकते हैं।

इधर सामान्य प्रशासन मंत्री डॉ. गोविंद सिंह भी सिंधिया को पीसीसी चीफ बनाने के पक्ष में आ गए हैं। सिंह को सिंधिया का विरोधी माना जाता है। आज उन्होंने मीडिया से चर्चा में कहा कि सिंधिया युवा और वरिष्ठ हैं, वे पीसीसी चीफ बनते हैं तो पार्टी को फायदा होगा। उनके नेतृत्व में पार्टी अच्छा काम करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *