आज 70 ट्रेनों से बिहार आएंगे 1.14 लाख प्रवासी श्रमिक

पटना                                           
लॉकडाउन के दौरान दूसरे राज्यों से आने वाली विशेष ट्रेनों की संख्या निरंतर बढ़ती जा रही है। ट्रेनों की संख्या बढ़ाने को लेकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पदाधिकारियों को विशेष निर्देश दिया था। ताकि अधिक-से-अधिक लोग जो बिहार आना चाहते हैं, वे जल्द आ जाएं। इसी क्रम में गुरुवार को 70 ट्रेनों से 1.14 लाख लोग बिहार आएंगे, जबकि 66 ट्रेनों से एक लाख सात हजार बुधवार को पहुंचे।

सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के सचिव अनुपम कुमार ने प्रेस कांफ्रेंस में कहा कि गुरुवार को आने वाली विशेष ट्रेनों में सबसे अधिक 13 उत्तर प्रदेश से हैं। इसी प्रकार महाराष्ट्र और गुजरात से आठ-आठ, पंजाब से छह, दिल्ली से पांच, तमिलनाडु और हरियाणा से तीन-तीन ट्रेनें आएंगी।

6.40 लाख लोग हैं प्रखंड क्वारंटाइन सेंटर में
राज्य में अभी 8661 प्रखंड क्वारंटाइन सेंटर बनाए गए हैं, जिनमें छह लाख 40 हजार लोग रह रहे हैं। राज्य में 152 आपदा राहत केंद्र चल रहे हैं, जिनमें 70 हजार से अधिक लोग रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रवासी मजदरों को रोजगार अधिक-से-अधिक मिले, इसको लेकर दो करोड़ 64 लाख मानव दिवस सृजित किए गए हैं। वहीं 8.40 लाख नये राशन कार्ड बनाए गए हैं।

तीन मई बाद 788 प्रवासी कोरोना पॉजिटिव
स्वास्थ्य विभाग के सचिव लोकेश कुमार ने कहा कि तीन मई के बाद आने वाले प्रवासी मजदूरों में अभी तक 788 कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। इनमें सबसे अधिक 249 दिल्ली, 187 महाराष्ट्र और 158 गुजरात से आए हैं। प्रवासी मजदूरों के आने के बाद कोरोना पॉजिटिव मामलों का प्रतिशत भी पहले की तुलना में बढ़ा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *