अयोध्या शहर का दायरा बढ़ेगा, शामिल होंगे 41 गांव

 लखनऊ 
सुप्रीम कोर्ट का फैसला आने के बाद राज्य सरकार अयोध्या का क्षेत्रफल नए सिरे से तय करने में जुट गई है। अयोध्या नगर निगम सीमा क्षेत्र में 41 राजस्व गांवों को शामिल करने की तैयारी है। यह संख्या घट-बढ़ भी सकती है। नगर विकास विभाग ने अयोध्या नगर निगम से इस संबंध में जल्द प्रस्ताव उपलब्ध कराने को कहा है। इस प्रस्ताव को जल्द ही कैबिनेट से मंजूरी दी जाएगी।

अयोध्या पहले दो भागों में बांटा हुआ था। फैजाबाद और अयोध्या नगर पालिका परिषद हुआ करती थी। राज्य सरकार ने दोनों को मिलाते हुए अयोध्या नगर निगम बनाया है। नगर निगम बनाए जाने के बाद नियमत: शहरों का दायरा बढ़ाया जाता है। अयोध्या नगर निगम का दायरा मौजूदा समय में 2643 वर्ग मीटर है। सुप्रीम कोर्ट का फैसला आने के बाद अयोध्या में राम मंदिर बनने का रास्ता साफ हो गया है। राम मंदिर बनने के बाद अयोध्या में देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या में भारी इजाफा होगा। मूलभूत सुविधाएं बढ़ाने के लिए और अधिक जमीनों की जरूरत होगी। नगर विकास विभाग इसी को ध्यान में रखते हुए अयोध्या नगर निगम सीमा का विस्तार करने की तैयारियों में जुटा है।

सरयू तट अयोध्या और गोण्डा को जोड़ता है
अयोध्या सरयू नदी के तट पर बसा हुआ है। यह शहर बाराबंकी, गोण्डा, बस्ती, अंबेडकर नगर और सुल्तानपुर जिले से घिरा हुआ है। नेशनल हाई-वे 27 जो नई दिल्ली से नेपाल को जोड़ता है वह अयोध्या होकर गुजरता है। धार्मिक नगरी अयोध्या सरयू तट पर स्थित है। यह तट गोण्डा और बस्ती से अयोध्या को जोड़ता है। इसलिए अयोध्या विस्तार में गोण्डा और बस्ती के अधिकतर गांवों को शामिल करने की तैयारी है।

पहले 87 गांवों को शामिल करने का प्रस्ताव था
अयोध्या नगर निगम सीमा क्षेत्र में पहले 87 गांवों को शामिल करने का प्रस्ताव था, लेकिन इसे घटाकर पहले 67 फिर बाद में 24 कर दिया गया। नगर विकास विभाग के पास मौजूदा समय 24 गांवों को शामिल किए जाने का प्रस्ताव है। इसीलिए संशोधित प्रस्ताव में 41 गांवों को शामिल करने को कहा गया है। पूर्व प्रस्ताव के मुताबिक अब्बू सराय, गद्दोपुर, खोजनपुर, पहाड़गंज, उसरू, पूरे हुसैन खां, जनौरा, नंदापुर, कोरखाना, भीखापुर, सुल्तानपुर बछड़ा, देवकाली, शाहजहांपुर, रानोपाली, मक्खापुर, आशापुर, तकपुरा, जीयनपुर, शाहनेवाजपुर उपरहार, हैबतपुर, आशिफबाग, पाठकपुर उपरहार, मांझा आशिफबाग, मांझा शाहनेवाजपुर को शामिल किए जाने का प्रस्ताव था।

अयोध्या नगर निगम एक नजर में
– अयोध्या जिले की कुल आबादी                     24,70,996
– शहरी आबादी                                              3,40,253
– पहले फैजाबाद पालिका परिषद में वार्ड                       29
– पहले अयोध्या पालिका परिषद में वार्ड                       25
 
अब नए सिरे से वार्डों का गठन होगा
– अब न्यूनतम वार्ड होंगे        60
– अधिकतम होंगे                110

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *