अभी खाली ही रहेगी विधानसभा उपाध्यक्ष की कुर्सी
रायपुर
छत्तीसगढ़ में नई विधानसभा के गठन के करीब आठ महीने के बाद भी उपाध्यक्ष की कुर्सी खाली पड़ी है। मौजूदा मानसून सत्र में इसके लिए चुनाव की उम्मीद थी, लेकिन अब इसकी संभावना नजर नहीं आ रही है। सत्र की अब महज दो ही बैठकें होनी हैं। ऐसे में उपाध्यक्ष की कुर्सी कुछ और दिनों तक खाली ही रहेगी। ऐसे में इस कुर्सी के दावेदार कांग्रेस विधायकों को अभी इंतजार करना पड़ेगा।
विधानसभा उपाध्यक्ष के पद के लिए पार्टी के वरिष्ठ विधायक सत्यनारायण शर्मा, रामपुकार सिंह समेत कुछ और वरिष्ठ विधायक दावेदार हैं। भारी बहुमत के साथ सत्ता में आई कांग्रेस ने राज्य कैबिनेट में एक मंत्री का पद, प्रदेश अध्यक्ष और विधानसभा उपाध्यक्ष की कुर्सी लोकसभा चुनाव की वजह से खाली रखी थी।
पार्टी सूत्रों के अनुसार लोकसभा चुनाव में प्रदर्शन के आधार पर इन तीनों पदों को भरा जाना था। इनमें से दो पद यानी कैबिनेट मंत्री और प्रदेश अध्यक्ष की नियुक्ति हो गई है। दोनों ही पद आदिवासियों के खाते में गए हैं। अब केवल उपाध्यक्ष की कुर्सी ही रह गई है। यह पद सामान्य वर्ग के किसी विधायक को दिए जाने की संभावना जताई जा रही है।