अखिलेश यादव के बाद यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने बताया कब राज्य में बनेगी उनकी सरकार

यूपी
समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने हाल ही में कहा था कि 2022 में उनकी पार्टी सत्ता में वापसी करेगी। इसके बाद कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार कांग्रेस दफ्तर पहुंचे अजय कुमार लल्लू का भव्य स्वागत हुआ। इस मौके पर उन्होंने कार्यकर्ताओं की हौसला अफजाई करते हुए कहा कि वह आम जनता और कार्यकर्ताओं की लड़ाई लड़ेंगे। सड़क तक संघर्ष करेंगे। उन्होंने कहा कि अगर कार्यकर्ता संघर्ष करने और जेल जाने के लिए तैयार हैं तो 2022 में कांग्रेस की सरकार बनने से कोई रोक नहीं सकता। कांग्रेस के लिए 1800 बार जेल जाना पड़ा तो भी पीछे नहीं हटेंगे।

तीन घंटे से अधिक समय तक चले स्वागत कार्यक्रम में नवनियुक्त अध्यक्ष ने बताया कि किस तरह संघर्ष करके वह प्रदेश अध्यक्ष के पद तक पहुचे हैं। उन्होंने एक गरीब परिवार में जन्म लिया और मजदूरी तक की। 18 बार जेल जा चुके हैं और 32 से अधिक मुकदमे हैं। दोनों पैरों में रॉड पड़ी है। उन्होंने राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वह नेतृत्व की उम्मीदों पर खरा उतरने की कोशिश करेंगे।

कई नेता रहे मौजूद, कई की नामौजूदगी खटकी :
इस मौके पर पार्टी के वरिष्ठ नेता प्रमोद तिवारी, पीएल पुनिया, आराधना मिश्रा मोना, नसीमुद्दीन सिद्दीकी, प्रदीप माथुर, ओपी सिंह, निर्मल खत्री, नसीब पठान मौजूद थे। लेकिन जितिन प्रसाद, आरपीएन सिंह, सलमान खुर्शीद, राजेश मिश्र समेत कई चेहरे नहीं दिखे।
 

बस से आकर की नई शुरुआत : 
 प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद लल्लू हवाई जहाज या ट्रेन की जगह रोडवेज बस से लखनऊ आए। सम्भवतः ऐसा करने वाले वह किसी राष्ट्रीय पार्टी के पहले अध्यक्ष होंगे। लखनऊ में पॉलिटेक्निक चौराहे पर जब वह बस से उतरे तो उनके साथ राज्यसभा सदस्य पीएल पुनिया भी थे, जो बाराबंकी से बस में सवार हुए थे।
 

रास्ते भर जोरदार स्वागत
पॉलिटेक्निक चौराहे पर पार्टी के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत की तैयारी की थी। प्रवक्ता मुकेश सिंह चौहान वहां अपने साथियों के साथ मौजूद थे। विधानमंडल दल की नवनियुक्त नेता आराधना मिश्रा भी पहुची हुई थीं। स्वागत के कारण चारों ओर जाम की स्थिति थी। इसके बाद कालिदास मार्ग चौराहे पर अंशु अवस्थी अपनी टीम के साथ स्वागत के लिए मौजूद थे। महात्मा गांधी, सरदार पटेल और राजीव गांधी  की मूर्ति पर माल्यार्पण करने के बाद लल्लू जब बापू भवन के करीब पहुंचे तो वहां अमरनाथ अग्रवाल, विनोद मिश्रा और अजय श्रीवास्तव 'अज्जू' ने उनका भव्य स्वागत किया। वहीं प्रदेश मुख्यालय ने पीएल पुनिया, प्रमोद तिवारी, निर्मल खत्री और आराधना शुक्ला ने मंच से अजय कुमार लल्लू को जुझारू नेता बताया। नवनियुक्त महामंत्री विश्व विजय सिंह ने कार्यक्रम का संचालन किया। स्वागत समारोह में सिद्दार्थ प्रिय श्रीवास्तव, बृजेन्द्र कुमार सिंह, अनूप गुप्ता, वीरेंद्र मदान, ओंकार नाथ सिंह, उमा शंकर पाण्डे आदि मौजूद रहे। 
 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *