छिंदवाड़ा में बड़ा हादसा: फ्रिज में जोरदार ब्लास्ट के बाद घर में लगी भीषण आग, गृहस्थी का पूरा सामान जलकर खाक

छिंदवाड़ा। जिला मुख्यालय के यादव कालोनी क्षेत्र में शनिवार शाम एक बड़ा हादसा सामने आया है, जहाँ एक मकान में रखे फ्रिज में जोरदार धमाका होने से भीषण आग लग गई। इस हादसे में घर के अंदर रखा पूरा सामान जलकर खाक हो गया है।

मिली जानकारी के अनुसार, यादव कालोनी निवासी मुजाहिद खान के मकान पर शाहिद सिद्दीकी का परिवार किराये से रहता है। शनिवार शाम करीब 6 बजे अचानक घर में रखे फ्रिज में एक जोरदार ब्लास्ट हुआ। धमाका इतना तेज था कि घर में मौजूद लोग सहम गए और तुरंत बाहर की तरफ भागे। देखते ही देखते धुएं और आग की लपटों ने पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया।

मची अफरा-तफरी, वाशिंग मशीन सहित पूरी गृहस्थी राख

धमाके और आग की खबर मिलते ही आस-पास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना फायर ब्रिगेड को दी। जब तक फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुँचकर आग पर काबू पाती, तब तक देर हो चुकी थी। आग की भयावहता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि फ्रिज के साथ-साथ वाशिंग मशीन, कपड़े, राशन और गृहस्थी का सारा सामान जलकर पूरी तरह राख हो गया। पीड़ित शाहिद सिद्दीकी के मुताबिक, इस अग्निकांड में उनका लगभग ₹2 लाख का नुकसान हुआ है।

कम वोल्टेज और शॉर्ट सर्किट की आशंका

हादसे के कारणों को लेकर स्थानीय रहवासियों का कहना है कि क्षेत्र में पिछले कुछ समय से वोल्टेज की भारी कमी (लो-वोल्टेज) चल रही थी। आशंका जताई जा रही है कि लो-वोल्टेज के कारण ही कंप्रेसर पर दबाव बढ़ा या शॉर्ट सर्किट हुआ, जो इस जोरदार ब्लास्ट और आग की वजह बना। फिलहाल पुलिस और संबंधित विभाग मामले की जांच कर रहे हैं।