बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, नीट पेपर लीक एवं नगर निगम में बढ़े हुए करों के विरोध में कांग्रेस पार्षद दल करेगा मेलोडी चॉकलेट वितरण”*
आज दिनांक 24 मई 2026 को स्थानीय राजीव भवन में कांग्रेस पार्षद दल की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में कांग्रेस पार्षद दल के साथ शहर युवक कांग्रेस, शहर सेवादल, शहर महिला कांग्रेस एवं शहर NSUI के प्रमुख पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि केंद्र एवं राज्य सरकार की जनविरोधी नीतियों, लगातार बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, नीट पेपर लीक तथा आम जनता पर नगर निगम छिंदवाड़ा के द्वारा बढ़ाए गए करों से बढ़ते आर्थिक बोझ के विरोध में कांग्रेस पार्षद दल द्वारा कल दिनांक 25 मई 2026 को शाम 5 बजे फव्वारा चौक में मेलोडी चॉकलेट बांटकर प्रतीकात्मक विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।
कार्यक्रम की थीम **“मेलोडी खाओ, खुद जान जाओ”** रखी गई है। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि जिस प्रकार मेलोडी चॉकलेट का स्वाद खाने के बाद महसूस होता है, उसी प्रकार भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों का असर भी अब आम जनता महंगाई, बेरोजगारी और बढ़ते टैक्स के रूप में महसूस कर रही है। कांग्रेस नेताओं द्वारा प्रधानमंत्री मोदी द्वारा इटली की प्रधानमंत्री को मेलोडी चॉकलेट देने पर भी चुटकी लेते हुए कहा कि एक तरफ देश की जनता महंगाई, बेरोजगारी, से परेशान है मोदी जी देश की जनता को तो उपदेश दे रहे हैं और दूसरी तरफ वो खुद और उनकी पार्टी के नेता उनका पालन नहीं कर रहे हैं।
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार कुंभकर्णी नींद में सोई हुई है। भाजपा सरकार की गलत नीतियों के कारण देश में महंगाई और बेरोजगारी लगातार बढ़ रही है, जिससे आम जनता का जीवन प्रभावित हो रहा है। वहीं दूसरी ओर नगर निगम छिंदवाड़ा द्वारा जलकर एवं गारबेज कर में बेतहाशा वृद्धि कर नागरिकों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाला गया है।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि जनता की आवाज को दबाने का प्रयास किया जा रहा है, लेकिन कांग्रेस पार्टी आमजन के हितों की लड़ाई लगातार लड़ती रहेगी। इसी क्रम में कांग्रेस पार्षद दल, युवक कांग्रेस, सेवादल, महिला कांग्रेस एवं NSUI संयुक्त रूप से जनहित के मुद्दों को लेकर विरोध प्रदर्शन करेंगे और जनता के बीच जाकर भाजपा सरकार की विफलताओं को उजागर करेंगे।
बैठक में उपस्थित सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम को सफल बनाने का संकल्प लिया।
