सादगी की मिसाल: सीएम डॉ. मोहन यादव ने घटाया अपना काफिला, प्रदेश में ‘वीआईपी कल्चर’ पर प्रहार

भोपाल: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर राष्ट्रहित में एक बड़ा और अनुकरणीय निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री ने अपने काफिले (कारकेड) में वाहनों की संख्या को घटाकर सीमित करने का आदेश दिया है। अब उनके काफिले में 13 के स्थान पर केवल 8 वाहन ही शामिल होंगे।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि यह कदम पेट्रोल-डीजल की खपत कम करने और जनता को होने वाली असुविधा को समाप्त करने के लिए उठाया गया है। डॉ. यादव ने न केवल अपने लिए नियम बनाए, बल्कि मंत्रियों और नवनियुक्त निगम-मंडल पदाधिकारियों से भी सादगी बरतने की अपील की है। नए निर्देशों के अनुसार, मुख्यमंत्री के दौरों के दौरान अब किसी भी प्रकार की भव्य वाहन रैली आयोजित नहीं की जाएगी।

डॉ. मोहन यादव ने कहा, “प्रधानमंत्री जी के आह्वान पर मध्य प्रदेश राष्ट्रहित में ईंधन बचाने के लिए संकल्पित है। सादगी ही हमारे शासन का मूल मंत्र है।” उन्होंने आम जनता से भी सार्वजनिक परिवहन का अधिक से अधिक उपयोग करने का आग्रह किया है। राज्य शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों में मंत्रियों को भी यात्रा के दौरान न्यूनतम वाहन रखने और पदाधिकारियों को बिना शक्ति प्रदर्शन के कार्यभार ग्रहण करने को कहा गया है। इस निर्णय की राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्रों में व्यापक सराहना हो रही है, क्योंकि इससे सड़कों पर लगने वाले ट्रैफिक जाम से आम नागरिक को बड़ी राहत मिलेगी।