शादी की खुशियां मातम में बदली: छिंदवाड़ा में नाबालिग की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या, खेत में मिला शव
छिंदवाड़ा। शादियों के सीजन में विवाद और वारदातों का ग्राफ लगातार बढ़ता जा रहा है। ऐसा ही एक सनसनीखेज मामला खमारपानी क्षेत्र के सिर्रपानी से सामने आया है, जहां विवाह समारोह में शामिल होने गए 16 वर्षीय नाबालिग की बेरहमी से हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान चीचगांव (बिछुआ) निवासी प्रवीण पिता बलीराम परतेती के रूप में हुई है।
प्रवीण गुरुवार रात अपने दो दोस्तों के साथ बाइक से सिर्रपानी आया था। दोस्त उसे वहीं छोड़कर दूसरी शादी में चले गए, लेकिन जब वे लौटे तो प्रवीण गायब था। शुक्रवार सुबह सिर्रपानी स्कूल के पीछे एक खेत में प्रवीण का लहूलुहान शव बरामद हुआ। शव के पास ही आंवले के पेड़ की टूटी लकड़ी मिली है, जिससे आशंका है कि शादी में हुए किसी विवाद के बाद उसकी पीट-पीटकर हत्या की गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्थिति पूरी तरह स्पष्ट होगी।
