कमलनाथ का सीएम को पत्र: “महंगाई में बिजली का झटका, वापस लें बढ़ा हुआ सरचार्ज”

छिंदवाड़ा/भोपाल: मप्र के पूर्व मुख्यमंत्री माननीय कमलनाथ जी ने प्रदेश के करीब 2 करोड़ बिजली उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को एक अर्ध-शासकीय पत्र लिखा है। उन्होंने हाल ही में बिजली दरों में की गई वृद्धि और लागू किए गए नए सरचार्ज को तत्काल वापस लेने की मांग की है।

कम समय में 10% से ज्यादा का बोझ

माननीय कमलनाथ जी ने पत्र क्रमांक 111 के माध्यम से ध्यान आकर्षित किया कि बिजली कंपनियों ने जनता पर दोहरा आर्थिक प्रहार किया है:

अप्रैल 2026 में बिजली दरों में 4.8% की वृद्धि की गई।

मई 2026 से 5.36% का अतिरिक्त सरचार्ज भी थोप दिया गया।

उन्होंने कहा कि इस प्रकार अल्प समय में उपभोक्ताओं पर 10 प्रतिशत से अधिक का अतिरिक्त भार डाला गया है, जो इस कमरतोड़ महंगाई के दौर में पूरी तरह से अनुचित और जनविरोधी है।

किसान और मध्यम उद्योग होंगे प्रभावित

पत्र में उल्लेख किया गया है कि बिजली के दामों में इस निरंतर वृद्धि से न केवल घरेलू बजट बिगड़ेगा, बल्कि किसानों और लघु एवं मध्यम उद्योगों (MSMEs) पर भी इसका गंभीर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा। यह स्थिति प्रदेश की आर्थिक गतिविधियों और सामाजिक संतुलन को बिगाड़ सकती है।

पुनः समीक्षा की मांग

कमलनाथ जी ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया है कि इस गंभीर और संवेदनशील विषय को दृष्टिगत रखते हुए बिजली दर वृद्धि और सरचार्ज के निर्णय की पुनः समीक्षा की जाए। उन्होंने मांग की है कि सरकार आमजन को राहत प्रदान करने हेतु ठोस निर्णय ले ताकि प्रदेश की जनता पर अनावश्यक आर्थिक बोझ न पड़े।