दर्दनाक हादसा: छिंदवाड़ा में आंधी का कहर, अस्पताल की छत से गिरी पानी की टंकी, मजदूर की मौत।
छिंदवाड़ा। शहर में आज आए भीषण आंधी-तूफान ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। इस दौरान शनिचरा बाजार क्षेत्र में एक बड़ा हादसा हो गया, जहां डॉ. बिंद्रा अस्पताल की छत पर रखी 1000 लीटर की पानी की टंकी अचानक नीचे गिर गई। इस दुर्घटना में नीचे मौजूद एक मजदूर उसकी चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
मजदूर की हुई पहचान
प्रत्यक्षदर्शियों से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान पातालेश्वर वार्ड निवासी आशीष (पिता तेज लाल यादव) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि आशीष वहां मजदूरी का कार्य कर रहा था, तभी तेज हवाओं के कारण अस्पताल की छत पर रखी भारी-भरकम टंकी सीधे उसके ऊपर आ गिरी।
मची अफरा-तफरी
घटना के तुरंत बाद आसपास के लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने आशीष को मलबे से बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन भारी वजन और गंभीर चोट लगने के कारण उसने दम तोड़ दिया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
अचानक हुई इस अनहोनी से मृतक के परिवार और पातालेश्वर क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। प्रशासन ने नागरिकों से खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।
