शराब पीने से मना करने पर कलयुगी बेटे ने पिता को मारा चाकू, नागपुर में 3 घंटे चला ऑपरेशन

छिंदवाड़ा। जिले के लावाघोघरी थाना अंतर्गत भमोरी गांव में रिश्तों को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। यहाँ एक नशेड़ी बेटे ने अपने ही पिता पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। घटना गुरुवार रात करीब 10 बजे की है, जब जिब्राइल पिता रमजान खान और उनकी पत्नी अपने बड़े बेटे को शराब छोड़ने की समझाइश दे रहे थे। नसीहत से नाराज होकर बेटे ने पिता की कमर में चाकू घोंप दिया।

लहुलुहान हालत में परिजनों ने जिब्राइल को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद तुरंत नागपुर रेफर कर दिया। घायल के छोटे बेटे ने बताया कि नागपुर के अस्पताल में करीब 3 घंटे तक चले जटिल ऑपरेशन के बाद शरीर में फंसे चाकू को निकाला जा सका है। वर्तमान में पीड़ित आईसीयू में भर्ती हैं और उनकी स्थिति स्थिर बनी हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।