छिंदवाड़ा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: अंतर्राज्यीय बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश, 19 मोटर साइकिलें बरामद

छिंदवाड़ा। जिला पुलिस ने अंतर्राज्यीय वाहन चोर गिरोह पर स्ट्राइक करते हुए एक बड़ी सफलता हासिल की है। कोतवाली थाना पुलिस ने गिरोह के कब्जे से चोरी की 19 मोटर साइकिलें बरामद की हैं, जिनकी कुल कीमत लगभग 12 लाख रुपये आंकी गई है। यह गिरोह मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा, बैतूल और महाराष्ट्र के नागपुर, अमरावती, वर्धा जैसे शहरों में सक्रिय था।

ऐसे हुआ गिरोह का खुलासा

पुलिस के अनुसार, 11 अप्रैल 2026 को प्रार्थी संतकुमार पाल ने कोतवाली पार्किंग से बाइक चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस अधीक्षक अजय पाण्डेय के निर्देशन एवं अति. पुलिस अधीक्षक आ आशीष खरे के मार्गदर्शन में एक विशेष टीम गठित की गई। सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर एक संदेही की पहचान शेख नसीम (निवासी अमरावती) के रूप में हुई। पुलिस ने घेराबंदी कर वरुड (महाराष्ट्र) से मुख्य आरोपी शेख नसीम और उसके साथियों को हिरासत में लिया।

शातिर तरीके से देते थे वारदात को अंजाम

पूछताछ में आरोपियों ने चौंकाने वाले खुलासे किए। गिरोह का मुख्य सरगना शेख नसीम पिछले तीन साल से चोरी की बाइक पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर घूम रहा था। आरोपी बाइक चोरी करने के बाद उसकी असली नंबर प्लेट नदी में फेंक देते थे और दूसरी प्लेट लगाकर पुलिस को चकमा देते थे। ये गिरोह बाइक चोरी कर उनके पार्ट्स बेचने या सस्ते दामों पर बेचने की फिराक में रहता था।

गिरफ्तार आरोपी:

शेख नसीम: (45 वर्ष) निवासी मोर्सी, जिला अमरावती (मुख्य सरगना)।

संदेश धुर्वे: (30 वर्ष) निवासी सालबर्डी, महाराष्ट्र।

आकाश झोड: (31 वर्ष) निवासी सालबर्डी, बैतूल।

विजय आहाके: (27 वर्ष) निवासी बैतूल (चोरी की बाइक खरीदने वाला)।

जब्त वाहनों का विवरण:

पुलिस ने आरोपियों के पास से 08 हीरो स्प्लेन्डर, 04 पैशन प्रो, 03 एचएफ डिलक्स, 02 होंडा शाइन, 01 बजाज डिस्कवर और 01 टीवीएस स्टार सिटी सहित कुल 19 वाहन बरामद किए हैं।

पुलिस टीम को मिलेगा इनाम

इस चुनौतीपूर्ण गुत्थी को सुलझाने में कोतवाली थाना प्रभारी आशीष कुमार धुर्वे, सउनि ब्रिजेश रघुवंशी, सउनि प्रकाश सनोडिया और सीसीटीवी सेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक ने पूरी टीम की पीठ थपथपाते हुए उन्हें पुरस्कृत करने की घोषणा की है।