NH-44 पर अज्ञात वाहन ने मादा तेंदुआ को रौंदा, पेंच टाइगर रिजर्व के बफर क्षेत्र में दर्दनाक मौत

पेंच टाइगर रिजर्व के बफर क्षेत्र में 18 नवंबर 2025 को एक दुखद घटना सामने आई, जब मध्य प्रदेश-महाराष्ट्र सीमा से गुजरने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 44 (NH-44) पर एक मादा तेंदुआ की अज्ञात वाहन से टकराने के कारण मौत हो गई। यह हादसा खवासा वन परिक्षेत्र के कोठार बीट के समीप हुआ।

घटना की जानकारी मिलते ही, एनटीसीए (NTCA) और राज्य के मुख्य वन्यजीव अभिरक्षक के निर्देशों के तहत तुरंत कार्यवाही शुरू की गई। मृत तेंदुआ के शव को खवासा स्थित वन्यप्राणी चिकित्सालय लाया गया और सुरक्षित निगरानी में रखा गया।

अगले दिन, 19 नवंबर 2025 को, वन्यजीव चिकित्सकों डॉ. अमित रैयकवार और डॉ. मृणालिनी रामटेके द्वारा शव का विस्तृत शव परीक्षण किया गया, जिसमें पाया गया कि तेंदुआ के सभी आंतरिक और बाहरी अंग सुरक्षित थे। निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) का पालन करते हुए, मुख्य वन संरक्षक देवाप्रसाद जे., तहसीलदार कुरई दामोदर प्रसाद दुबे और एनटीसीए प्रतिनिधि राहुल क्षीरसागर सहित अन्य अधिकारियों की उपस्थिति में मादा तेंदुआ के शव का शवदाह/भस्मीकरण किया गया।

यह घटना एक बार फिर राष्ट्रीय राजमार्गों पर वन्यजीवों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर जोर देती है।