धर्मगुरुओं ने दी शुभाशीष, पूरे जिले में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया पूर्व सांसद नकुलनाथ का जन्मदिन

छिंदवाड़ा। जिले में पूर्व सांसद नकुलनाथ का जन्मदिन इस बार भी पूरी श्रद्धा, समर्पण और भव्यता के साथ मनाया गया। नगर के राजीव कांग्रेस भवन समेत जिले के विभिन्न अंचलों में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नागरिकों ने ढोल-धमाल, आतिशबाजी और जयकारों के बीच उल्लासपूर्वक यह दिन मनाया।

सुबह नगर के विभिन्न मंदिरों में पूजा-अर्चना की गई, दरगाहों पर चादर चढ़ाई गई और गुरुद्वारे में अरदास कर नकुलनाथ के दीर्घायु और स्वस्थ जीवन की कामना की गई। वृद्धाश्रम में बुजुर्गों को भोजन कराकर उनके बीच कुर्सियों का वितरण भी किया गया।

मुख्य समारोह राजीव भवन में संपन्न हुआ जहां सभी धर्मों के धर्मगुरुओं ने श्लोक, मंत्र, आयत और अरदास के माध्यम से नकुलनाथ के स्वास्थ्य, दीर्घायु और जनसेवा में निरंतर सक्रिय रहने की प्रार्थना की।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष विश्वनाथ ओकटे ने नकुलनाथ के जनसेवा के संकल्प की सराहना करते हुए कहा कि वे अपने पिता कमलनाथ के पदचिन्हों पर चलते हुए सदैव छिंदवाड़ा के विकास के लिए समर्पित रहेंगे। पांढुर्ना जिला प्रभारी गंगा प्रसाद तिवारी, नगर निगम अध्यक्ष धर्मेंद्र सोनू मांगे, अशोक राजपूत, संतसिंह सेंगर, आनंद बक्षी, उर्मिला सिंह समेत अनेक कांग्रेस नेताओं ने भी शुभकामनाएं दीं।

युवक कांग्रेस ने किया रक्तदान:
नकुलनाथ के जन्मदिन पर युवक कांग्रेस द्वारा रक्तदान शिविर आयोजित कर पीड़ित मानवता की सेवा का संकल्प दोहराया गया।

महिला कांग्रेस ने किया तुलसी पौध वितरण:
महिला कांग्रेस ने अध्यक्ष किरण चौधरी के नेतृत्व में तुलसी के पौधे वितरित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।