मेधावी छात्र सम्मान एवं करियर काउंसलिंग कार्यक्रम संपन्न, 150 से अधिक विद्यार्थी हुए शामिल

छिंदवाड़ा के परासिया रोड स्थित होटल पूजा में मेधावी छात्र सम्मान एवं एजुकेशन करियर काउंसलिंग का भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। रविंद्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय एवं स्कोप ग्लोबल स्किल यूनिवर्सिटी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में जिले भर के प्रतिभावान विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित सनराइज स्कूल की डायरेक्टर सुप्रिया गुप्ता ने जिले के विभिन्न स्कूलों से आए बारहवीं कक्षा के उत्तीर्ण मेधावी छात्र-छात्राओं को मेडल एवं सर्टिफिकेट वितरित कर सम्मानित किया। इस दौरान धीरज मनोचा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करते हुए उपस्थित विद्यार्थियों को करियर काउंसलिंग दी और भविष्य के बेहतर विकल्पों को लेकर उनका मार्गदर्शन किया।

आयोजन में जिले के पंद्रह से अधिक शाखा प्रबंधक और एक सौ पचास से अधिक छात्र-छात्राएं व अभिभावक शामिल हुए। इस मौके पर रविंद्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय की ओर से ग्लोबल एमबीए, ड्रामा एकेडमी और फ्यूचर स्किल प्रोग्राम सहित अन्य आधुनिक पाठ्यक्रमों की विस्तृत जानकारी साझा की गई। इसके साथ ही स्कोप ग्लोबल स्किल यूनिवर्सिटी के अंतर्गत चलाए जा रहे इंडस्ट्री-अलाइन्ड वर्क इंटीग्रेटेड लर्निंग प्रोग्राम और जॉब-ओरिएंटेड कोर्सेस के बारे में बताया गया कि कैसे ये पाठ्यक्रम आज के दौर में रोजगार दिलाने में मददगार साबित हो रहे हैं।

इस भव्य आयोजन को सफल बनाने में निशांत श्रीवास्तव और यीचेंदर राहगडाले की विशेष उपस्थिति रही, साथ ही संत श्री आसाराम गुरुकुल स्कूल के छात्रों एवं शिक्षकों का सराहनीय सहयोग प्राप्त हुआ। कार्यक्रम के समापन पर जीवीआईटी कंप्यूटर के संचालक अभिषेक वर्मा ने सभी अतिथियों, शिक्षकों, अभिभावकों एवं छात्र-छात्राओं के प्रति आभार व्यक्त किया।