री-नीट 2026: नगर में परीक्षा संपन्न, रजिस्ट्रेशन बढ़े पर उपस्थिति घटी

छिंदवाड़ा। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) द्वारा आयोजित री-नीट यूजी 2026 की परीक्षा रविवार, 21 जून को नगर के आठ परीक्षा केंद्रों पर सुचारू और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गई। इस बार परीक्षा में एक दिलचस्प ट्रेंड देखने को मिला, जहाँ पिछली परीक्षा की तुलना में रजिस्ट्रेशन तो बढ़े, लेकिन परीक्षा देने वाले छात्रों की उपस्थिति में गिरावट दर्ज की गई।

आंकड़ों के मुताबिक, रविवार को आयोजित इस री-नीट परीक्षा के लिए कुल 4,305 परीक्षार्थी रजिस्टर्ड थे, जिनमें से 3,729 छात्र उपस्थित रहे और 576 छात्रों ने परीक्षा छोड़ दी। इसके विपरीत, इसी साल 3 मई को इन्हीं आठ केंद्रों पर आयोजित हुई मुख्य परीक्षा में 4,143 छात्र रजिस्टर्ड थे, जिनमें से रिकॉर्ड 3,982 छात्र उपस्थित रहे थे। तुलनात्मक रूप से देखें तो इस बार 162 अधिक छात्रों ने रजिस्ट्रेशन कराया था, लेकिन परीक्षा देने वाले छात्रों की संख्या पिछली बार से 253 कम रही। इसके चलते उपस्थिति का प्रतिशत 96.1% से गिरकर 86.6% पर आ गया।

एनटीए के सिटी कोऑर्डिनेटर हरिप्रसाद धारकर ने जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि कलेक्टर श्री हरेंद्र नारायण एवं पुलिस अधीक्षक श्री अजय पांडे के कुशल मार्गदर्शन व निर्देशन के कारण परीक्षा अत्यंत सुगम तरीके से संपन्न हो सकी। इसके अलावा शिक्षा, स्वास्थ्य और विद्युत वितरण कंपनी ने भी परीक्षा के सफल संचालन में सराहनीय सहयोग दिया।