बड़ी खबर: MP में कांग्रेस को महाझटका, राज्यसभा उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन का नामांकन खारिज; बीजेपी की आपत्ति पर हुआ फैसला
भोपाल। मध्य प्रदेश की राजनीति से इस वक्त की सबसे सनसनीखेज खबर सामने आ रही है। राज्यसभा चुनाव के स्क्रूटनी (नामांकन पत्रों की जांच) के दौरान कांग्रेस को एक बहुत बड़ा झटका लगा है। भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) की कड़ी आपत्ति के बाद रिटर्निंग ऑफिसर ने कांग्रेस की राज्यसभा उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन का नामांकन पत्र खारिज कर दिया है। उन पर चुनावी हलफनामे में तेलंगाना में दर्ज एक आपराधिक मामले की जानकारी छुपाने का आरोप लगा है।
बीजेपी की आपत्ति और नामांकन खारिज होने की वजह
नामांकन पत्रों की स्क्रूटनी के दौरान बीजेपी के वकीलों और मंत्रियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने मीनाक्षी नटराजन के फॉर्म पर गंभीर कानूनी सवाल उठाए। बीजेपी के अधिवक्ता के मुताबिक, मीनाक्षी नटराजन के खिलाफ तेलंगाना (हैदराबाद) की एक अदालत में आपराधिक मामला लंबित है।
सुप्रीम कोर्ट के नियमों का हवाला देते हुए बीजेपी ने दलील दी कि कोई भी उम्मीदवार अपने हलफनामे (Affidavit) में आपराधिक मामलों की जानकारी नहीं छुपा सकता। इस अधूरी जानकारी को आधार मानते हुए रिटर्निंग ऑफिसर ने कांग्रेस उम्मीदवार का फॉर्म निरस्त करने का फैसला सुनाया।
कांग्रेस का पलटवार: “बीजेपी ने दबाव बनाकर कराया रिजेक्ट”
नामांकन खारिज होने के बाद कांग्रेस खेमे में हड़कंप मच गया है। कांग्रेस ने इस कार्रवाई पर तीखी आपत्ति जताते हुए इसे ‘लोकतंत्र की हत्या’ करार दिया है। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि बीजेपी ने सरकार के दो-तीन मंत्रियों को भेजकर रिटर्निंग ऑफिसर पर राजनीतिक दबाव बनवाया है। कांग्रेस का दावा है कि जिस मामले को लेकर आपत्ति उठाई गई है, वह कोई गंभीर एफआईआर नहीं बल्कि सिर्फ एक शो-कॉज नोटिस था।
सियासी घमासान के बीच विधायकों की ‘बाड़ेबंदी’, बेंगलुरु शिफ्ट करने की तैयारी
इस बड़े राजनीतिक घटनाक्रम और क्रॉस वोटिंग की बढ़ती आशंकाओं के बीच कांग्रेस तुरंत अलर्ट मोड पर आ गई है। किसी भी तरह की टूट-फूट से बचने के लिए कांग्रेस अपने सभी विधायकों को भोपाल एयरपोर्ट से विशेष विमान के जरिए बेंगलुरु (कर्नाटक) शिफ्ट कर रही है। एयरपोर्ट पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं और विधायकों के साथ उनका स्टाफ भी मौजूद है।राज्यसभा चुनाव के ठीक पहले हुए इस बड़े उलटफेर ने मध्य प्रदेश की सियासी गर्मी को चरम पर पहुंचा दिया है।
