इंस्टाग्राम पर शुरू हुआ प्यार, सौंसर में मिला दर्दनाक अंत! दो बच्चों की मां ने प्रेमी को ओढ़नी से घोंटा गला

सौंसर के प्रसिद्ध जामसांवली मंदिर से लगे एक खेत की झोपड़ी में रविवार रात एक युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि मृतक गुजरात के बनासकांठा का रहने वाला 30 वर्षीय आकाश था। आकाश का छिंदवाड़ा क्षेत्र की एक 21 वर्षीय महिला से इंस्टाग्राम के जरिए संपर्क हुआ था। महिला दो बच्चों की मां है और 8 महीने पहले ही उसके पति का निधन हो चुका है। वह यहाँ मजदूरी करती थी।

मोबाइल ने खोला राज, ओढ़नी से की हत्या

आकाश अपनी प्रेमिका से मिलने गुजरात से सौंसर आया था। वह महिला पर अपने साथ गुजरात चलने का दबाव बना रहा था, जिसे लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। गुस्से में आकर महिला ने अपनी ही ओढ़नी से आकाश का गला घोंट दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने जब मृतक के मोबाइल की डिटेल खंगाली, तो महिला का नंबर मिला। हिरासत में लेने के बाद महिला ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। टीआई सौंसर रूपलाल उईके के मुताबिक आरोपी महिला के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।